नोएडा के देवांश भटनागर बने चैंपियन
लखनऊ। नोएडा के देवांश भटनागर ने लखनऊ के सुमित वैश्य को हराते हुए राज्य रैंकिंग टेनपिन बॉलिंग टूर्नामेंट जीत लिया। उत्तर प्रदेश टेनपिन बॉलिंग एसोसिएशन (यूपीटीबीए) के तत्वावधान में लुलु मॉल स्थित फंटुरा बॉलिंग सेंटर में आयोजित टूर्नामेंट के तीसरे दिन फाइनल में देवांश भटनागर ने कुल 358 पिनफॉल अर्जित किए। उनके प्रतिद्वंद्वी सुमित वैश्य 329 पिनफॉल के साथ उपविजेता रहे।
पहले गेम में सुमित (171) ने देवांश (161) को केवल 10 पिन से हराया। दूसरे गेम में देवांश ने बेहतर रणनीति अपनाई और तीन लगातार स्ट्राइक से जीत सुनिश्चित की। दूसरे गेम में देवांश ने 197, जबकि सुमित ने 158 पिनफॉल अर्जित किए। इस टूर्नामेंट में कानपुर के पदमवर्धन तीसरे व लखनऊ के प्रियांशु यादव चौथे स्थान पर रहे। (माई सिटी रिपोर्टर)


