इस्कॉन नोएडा एक्सप्रेसवे द्वारा मनाया जाएगा भव्य श्री कृष्ण जन्मोंत्सव
नोएडा। सेक्टर-149 स्थित गणेश्वरम बैंक्वेट हॉल में इस्कॉन नोएडा एक्सप्रेसवे, सेक्टर-151 द्वारा आगामी श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के उपलक्ष्य में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया।
इस्कॉन नोएडा एक्सप्रेसवे अध्यक्ष श्याम गोपाल दास ने श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 4 सितंबर 2026, शुक्रवार को प्रातः 9:00 बजे से रात्रि 1:00 बजे तक श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का भव्य आयोजन गांव कौंडली, सेक्टर-149 स्थित गणेश्वरम बैंक्वेट हॉल में किया जाएगा।
महोत्सव के दौरान भगवान श्री श्री राधा-कृष्ण के दिव्य दर्शन, विशेष अभिषेक, भजन-कीर्तन, हरिनाम संकीर्तन, आध्यात्मिक प्रवचन तथा महाप्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा। इस भव्य एवं आध्यात्मिक महोत्सव में विशिष्ट अतिथि के रूप में जनप्रतिनिधि, सांसद, विधायक एवं प्रशासनिक अधिकारीगण भी सम्मिलित होंगे। उनके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के भी इस पावन अवसर पर उपस्थित होने की संभावना है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से इस पावन अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने का आह्वान भी किया।
मीडिया प्रभारी बैकुंठ निवास प्रभु ने बताया कि गणेश्वरम बैंक्वेट हॉल के प्रबंधन द्वारा यह हॉल भगवान श्री कृष्ण की सेवा के लिए पूर्णतः निःशुल्क प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि गणेश्वरम प्रबंधन पूर्व में भी भगवान की सेवा एवं धार्मिक आयोजनों के लिए इसी प्रकार सहयोग करता रहा है और इस हॉल में भगवान की सेवा से जुड़े अनेक धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि आगामी 19 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाला श्री राधाष्टमी महोत्सव भी इसी गणेश्वरम बैंक्वेट हॉल में श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाया जाएगा।
गणेश्वरम बैंक्वेट हॉल प्रबंधक शुभम पंवार एवं टेंपल कंस्ट्रक्शन मैनेजर ओमपाल सिंह ने कहा कि जन्माष्टमी केवल एक धार्मिक पर्व ही नहीं, बल्कि भगवान श्री कृष्ण के दिव्य संदेशों—प्रेम, करुणा, धर्म एवं मानवता—को अपने जीवन में अपनाने का पावन अवसर भी है।


