39 साल बाद पर्दे पर फिर साथ दिखेंगे 'श्री राम-सीता', राकेश चतुर्वेदी के सानिध्य में हुआ फिल्म 'नोटिस' का टीज़र लॉन्च
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की फ्यूजन होम्स (Fusion Homes) सोसाइटी में 16 अक्टूबर को नवरात्रि के छठे दिन (माँ कात्यायनी की आराधना के पावन अवसर पर) एक भव्य और आध्यात्मिक माहौल में बहुप्रतीक्षित फिल्म 'नोटिस' (Notice) का फर्स्ट लुक टीज़र लॉन्च किया गया।
इस फिल्म के जरिए पूरे 39 साल बाद पर्दे के आइकॉनिक 'श्री राम और सीता' (अरुण गोविल जी एवं दीपिका जी ) की जोड़ी एक बार फिर साथ नजर आने वाली है। यह टीज़र लॉन्च राष्ट्रीय मीडिया चैनलों पर धर्म और अध्यात्म का प्रखरता से विषय रखने वाले, प्रसिद्ध ज्योतिष एवं वास्तु विशेषज्ञ श्री राकेश चतुर्वेदी जी के सानिध्य और गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।
धर्म और अधर्म की लड़ाई, एक नए अंदाज में
फिल्म 'नोटिस' के निर्माता और मुख्य अभिनेता आदित्य सिंह रघुवंशी हैं, जबकि इसका कुशल निर्देशन प्रदीप गुप्ता जी ने किया है। फिल्म की कहानी में धर्म और अधर्म के बीच का संघर्ष दिखाया जाएगा, जहां 'राम और सीता' एक बार फिर साथ मिलकर इस लड़ाई को लड़ते हुए नजर आएंगे। भ्रष्ट प्रशाशन के खिलाफ एक मिडल क्लास फॅमिली के संघर्ष की कहानी है नोटिस।
भारत के स्वदेशी OTT प्लेटफॉर्म 'Waves' पर होगी रिलीज
यह फिल्म आगामी 6 नवंबर 2026 को भारत सरकार द्वारा संचालित, देश के अपने पूर्ण रूप से स्वदेशी OTT प्लेटफॉर्म 'वेव्स' (Waves) पर रिलीज होने जा रही है। स्वदेशी मंच पर इस फिल्म का आना राष्ट्रवाद और भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
भव्य रहा टीज़र लॉन्च का कार्यक्रम
माँ कात्यायनी को नमन करते हुए आयोजित किए गए इस विशेष कार्यक्रम में श्री राकेश चतुर्वेदी जी ने निर्माता आदित्य सिंह रघुवंशी और पूरी टीम को इस शानदार प्रोजेक्ट के लिए अपना आशीर्वाद और शुभकामनाएं दीं। इस पावन अवसर पर आदित्य जी की धर्मपत्नी और उनके सुपुत्र (जो स्वयं एक बेहतरीन बाल कलाकार हैं) भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मौजूद फ्यूजन होम्स सोसाइटी के निवासियों ने फिल्म के फर्स्ट लुक टीज़र को देखा और इसकी जमकर सराहना की। 39 साल बाद इस ऐतिहासिक जोड़ी को एक साथ, एक नए और दमदार अवतार में देखने के लिए दर्शकों के बीच भारी उत्साह देखने को मिला।


