इस्कॉन एक्सप्रेसवे सेक्टर-151 में गोवर्धन महोत्सव भक्तिभाव के साथ मनाया गया
नोएडा। इस्कॉन नोएडा एक्सप्रेसवे, सेक्टर-151 में भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य गोवर्धन लीला के उपलक्ष्य में गोवर्धन महोत्सव बड़े ही धूमधाम, श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया गया।
मीडिया प्रभारी बैकुंठ निवास दास प्रभु ने बताया कि इस भव्य उत्सव का आयोजन मंदिर अध्यक्ष श्रीमान श्याम गोपाल प्रभु जी की देखरेख एवं मार्गदर्शन में किया गया।
इस पावन अवसर पर मंदिर के सभी ब्रह्मचारी एवं गृहस्थ भक्त उपस्थित रहे। मंदिर अध्यक्ष श्रीमान श्याम गोपाल प्रभु जी ने भक्तों को भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला की कथा सुनाई तथा गोवर्धन पूजा के आध्यात्मिक महत्व से अवगत कराया।
कार्यक्रम के दौरान भक्तों ने हरे कृष्ण महामंत्र के संकीर्तन पर पूरे उत्साह के साथ नृत्य एवं कीर्तन किया। पूरा वातावरण हरिनाम संकीर्तन और भक्तिमय उल्लास से गुंजायमान हो उठा।
महोत्सव के अंत में भगवान को अर्पित विभिन्न प्रकार के व्यंजनों से सुसज्जित अन्नकूट प्रसाद भक्तों के बीच वितरित किया गया। सभी भक्तों ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया।
इस प्रकार गोवर्धन महोत्सव प्रेम, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


