द एस डी विद्या स्कूल में हुआ वार्षिक छात्र परिषद् शपथ ग्रहण एवं अलंकरण समारोह

द एस डी विद्या स्कूल में हुआ वार्षिक छात्र परिषद् शपथ ग्रहण एवं अलंकरण समारोह

नोएडा। द एस डी विद्या स्कूल, नोएडा में शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए वार्षिक छात्र परिषद् शपथ ग्रहण एवं अलंकरण समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री शशि भूषण शर्मा (प्रख्यात व्यवसायी) एवं श्रीमती दुर्गा देवी थे। विद्यालय की प्रधानाचार्या एवं विशिष्ट अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत से हुआ। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई तथा लोकतांत्रिक निर्वाचन प्रक्रिया पर आधारित ऑडियो-वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से छात्र परिषद् के चुनाव की संपूर्ण प्रक्रिया को प्रदर्शित किया गया।

समारोह में विद्यालय की प्रधानाचार्या एवं मुख्य अतिथियों ने नव-निर्वाचित हेड बॉय शौर्य त्यागी, हेड गर्ल राखी शर्मा, वाइस हेड बॉय प्रथम शर्मा, वाइस हेड गर्ल लावण्या शर्मा, जूनियर स्पोर्ट्स कैप्टन विदर्भ भारद्वाज, सीनियर स्पोर्ट्स कैप्टन रवि शर्मा तथा सीनियर कल्चरल कैप्टन आकृति बैसोया सहित छात्र परिषद् के पदाधिकारियों को बैज प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही भारती, गीता, ज्योति एवं सरस्वती सदनों के कैप्टन एवं प्रीफेक्ट्स को भी उनकी हाउस मिस्ट्रेसेज़ द्वारा अलंकृत किया गया।

विद्यालय ध्वज का औपचारिक हस्तांतरण हेड बॉय शौर्य त्यागी एवं हेड गर्ल राखी शर्मा को किया गया। इसके पश्चात प्रधानाचार्या ने सभी छात्र परिषद् सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। हेड बॉय एवं हेड गर्ल ने अपने प्रेरणादायी विचार व्यक्त करते हुए विद्यालय की गरिमा बनाए रखने तथा विद्यार्थियों के हित में समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।

अपने प्रेरक संबोधन में मुख्य अतिथि शशि भूषण शर्मा ने विद्यार्थियों को ईमानदारी, अनुशासन एवं सेवा-भाव के साथ नेतृत्व करने के लिए प्रेरित किया। प्रधानाचार्या ने सभी नव-निर्वाचित छात्र नेताओं को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि सच्चा नेतृत्व पद से नहीं, बल्कि कर्म, उत्तरदायित्व और समर्पण से सिद्ध होता है।

धन्यवाद ज्ञापन, राष्ट्रगान तथा अभिभावकों एवं छात्र परिषद् के सदस्यों के लिए आयोजित हाई टी के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। यह समारोह विद्यार्थियों में नेतृत्व, सहयोग, अनुशासन एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल सिद्ध हुआ।