नवनामित पदाधिकारियों का सपाईयों ने किया गर्म जोशी से स्वागत

नवनामित पदाधिकारियों का सपाईयों ने किया गर्म जोशी से स्वागत

  गाज़ीपुर - गुरुवार को समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक जिलाध्यक्ष गोपाल यादव की अध्यक्षता में पार्टी कार्यालय लोहिया भवन पर आयोजित हुई। इस बैठक में पीडिए पखवाड़े के तहत आयोजित जनपंचायत कार्यक्रम की समीक्षा करने के साथ-साथ जनसमस्याओं पर गंभीर चर्चा हुई। इस अवसर पर नवनामित प्रदेश सचिव रमेश यादव, प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य एम एच खान,पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव शिवप्रसन्न यादव, व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव चन्द्रभान गुप्ता ,महिला सभा की प्रदेश सचिव डॉ सीमा यादव और प्रदेश कार्यसमिति के विशेष आमंत्रित सदस्य रामदरस यादव जी का स्वागत किया गया। जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने पीडीए जनपंचायत की सफलता के लिए कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि पीडीए जनपंचायतों में उमड़ी भीड़ ने भाजपा की नींद उड़ा दी है। उन्होंने इस कार्यक्रम के दौरान उजागर होई संगठन की खामियों को भी जल्द से जल्द दूर करने का निर्देश दिया। उन्होंने भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों,तानाशाही मंसूबों और साम्प्रदायिक सोच की चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा सरकार लगातार बढ़ती मंहगाई ,बेरोज़गारी , भ्रष्टाचार और ध्वस्त कानून व्यवस्था के चलते बढ़ते जनाक्रोश और गिरती साख से जनता का ध्यान हटाने के लिए धर्म की चादर के पीछे छिप रही हैं। उन्होंने कहा कि जितना वक्त यह सरकार विरोधी दलों के नेताओं को तंग करने और उनसे बदला लेने में लगा रही है उतना वक्त जनसमस्याओं को हल करने में लगाती तो देश और समाज का बहुत कुछ भला हो जाता। विधायक डॉ विरेन्द्र यादव ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि देश की दशा और दिशा अत्यंत दयनीय है। चारों तरफ अराजकता का बोलबाला है। मजदूर, किसान ,नौजवान ,व्यापारी, महिला ,शिक्षक छात्र सभी पीड़ित हैं। मंदिर -मस्जिद के नाम पर देश को बांटने की साज़िश हो रही हैं। जनता के बुनियादी मुद्दों के स्थान पर झूठे एवं मनगढ़ंत मुद्दों के जाल में देशवासियों को फंसाया जा रहा है। यह सरकार पूरी तरह से जनविरोधी साबित हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास झूठ की पोटली के सिवाय कुछ भी नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा को सत्ता का अहं हो गया है । उनके दंभपूर्ण आचरण और बोल की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि लोकसभा के चुनाव में देश की जनता उनके दंभ को तोड़ने का काम करेगी। उन्होंने सपा को सर्व समाज की पार्टी बताते हुए कहा कि राज्यसभा के चुनाव में जया बच्चन, आलोक रंजन और रामजी लाल सुमन को प्रत्याशी बनाने का फैसला सपा को यादवों और मुसलमानों की पार्टी बताकर दुष्प्रचार करने वाली भाजपा के मुंह पर करारा तमाचा है।

 विधायक जै किशन साहू ने कहा कि भाजपा सरकार लोकतंत्र और संविधान के लिए खतरा बन चुकी है। इस सरकार का रवैया तानाशाही पूर्ण है।यह सरकार जनता के हित को दरकिनार कर मनमाने फैसले ले रही हैं। इस सरकार का सभी संवैधानिक संस्थाओं पर कब्जा हो गया है। प्रेस भी भाजपा के पूंजीपति मित्रों के नियंत्रण में है। मीडिया अपनी जिम्मेदारी मानते हुए सरकार से सवाल नहीं कर रही है बल्कि उसके कसीदे पढ़ रही‌ है । उन्होंने कहा कि यदि इस सरकार को बेदखल नहीं किया गया तो न लोकतंत्र बचेगा न संविधान।

इस बैठक में मुख्य रूप से पूर्व जिलाध्यक्ष रामधारी यादव, , डॉ नन्हकू यादव, रामऔतार शर्मा, खेदन यादव, आजाद राय,रामजन्म चौहान,मदन यादव, राहुल यादव,अशोक कुमार बिंद,राधेश्याम यादव, रविन्द्र प्रताप यादव, रामवचन यादव,तहसीन अहमद, राजेंद्र यादव,हरेन्द्र विश्वकर्मा,गोवर्धन यादव, जयहिंद यादव, उपेन्द्र यादव, सुभाष यादव,अवधेश यादव उर्फ राजू यादव, वृजदेव खरवार,मदन यादव,डॉ समीर सिंह,दिनेश यादव,भरत यादव, जमुना यादव, श्री राम यादव, रमेश यादव, शिवशंकर यादव, चन्द्रबली यादव,बलिराम यादव, आत्मा यादव, पप्पू कुशवाहा, अदनान खां, उपस्थित थे।

इस बैठक का संचालन जिला उपाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी अरुण कुमार श्रीवास्तव ने किया।