निठारी गांव में जन-समस्याओं को लेकर एन.सी.एफ. ने की बैठक

निठारी गांव में जन-समस्याओं को लेकर एन.सी.एफ. ने की बैठक

बढ़ती नशे की गतिविधियों को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराज़गी, नशा उन्मूलन के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग।

नौएडा। नौएडा सिटीजन फोरम (एन.सी.एफ.) आपके द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत फोरम की कार्यकारी अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता शालिनी सिंह स्थानीय निवासियों के आमंत्रण पर सैक्टर-31 स्थित निठारी गांव पहुंचीं, जहां ग्रामीणों, वरिष्ठ नागरिकों एवं युवाओं के साथ बैठक की। बैठक में गांव की प्रमुख जन-समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता पूर्व ग्राम प्रधान विमलेश शर्मा ने की।

बैठक में गांव में बढ़ती नशे की गतिविधियां सबसे प्रमुख एवं गंभीर चिंता के रूप में सामने आईं। ग्रामीणों ने नशे से जुड़ी गतिविधियों के कारण युवाओं पर पड़ रहे दुष्प्रभाव तथा क्षेत्र के सामाजिक वातावरण को लेकर गहरी चिंता एवं नाराज़गी व्यक्त की। ग्रामीणों का कहना था कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए प्रशासन एवं पुलिस स्तर पर प्रभावी निगरानी तथा कठोर कार्रवाई की आवश्यकता है।

ग्रामीणों ने नशे का कारोबार एवं इसे बढ़ावा देने वाली गतिविधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की मांग करते हुए शिकायती पत्र भी सौंपा। शालिनी सिंह ने ग्रामीणों की चिंताओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि इस महत्वपूर्ण विषय को उचित स्तर पर उठाया जाएगा तथा नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।

इस अवसर पर शालिनी सिंह ने कहा, “युवाओं को नशे से बचाना केवल कानून-व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि हमारे समाज और आने वाली पीढ़ी के भविष्य से जुड़ा गंभीर प्रश्न है। नशा उन्मूलन के लिए प्रशासन, पुलिस, अभिभावकों और समाज—सभी को मिलकर प्रभावी प्रयास करने होंगे।”

बैठक में 6 प्रतिशत आबादी के प्लॉटों से संबंधित विषय पर भी ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखीं। ग्रामीणों ने मांग की कि इस मुद्दे के समाधान के लिए नौएडा प्राधिकरण के अधिकारियों की उपस्थिति में गांव के सभी निवासियों की एक व्यापक बैठक आयोजित की जाए, जिसमें पात्रता, आवंटन, अभिलेख, लंबित प्रकरणों एवं अन्य संबंधित विषयों पर स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराई जाए तथा नियमानुसार समाधान सुनिश्चित किया जाए।

इसके अतिरिक्त, ग्रामीणों ने गांव की सफाई, मूलभूत सुविधाओं एवं अन्य स्थानीय समस्याओं से भी अवगत कराया। नौएडा सिटीजन फोरम की ओर से इन समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाकर उनके समाधान के लिए आवश्यक प्रयास करने का आश्वासन दिया गया।

बैठक में प्रदीप यादव, ओमप्रकाश, कुष्लेश, पुष्कर शर्मा, रामावतार, संजय, सोनू शर्मा, साहिल नागर, कपिल अंबावता, अभिषेक नगर सहित गांव के अनेक वरिष्ठ नागरिक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

नौएडा सिटीजन फोरम नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाने तथा उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करने के लिए प्रतिबद्ध है।