जच्चा बच्चा की मौत पर परिजनों ने किया हंगामा

जच्चा बच्चा की मौत पर परिजनों ने किया हंगामा

गाज़ीपुर - कासिमाबाद स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर मंगलवार की देर शाम प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल कर्मियों की लापरवाही बताकर जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।कवलपट्टी गांव निवासी पतिराम राम की पत्नी निर्मला देवी (33) को प्रसव पीड़ा होने पर परिवार के लोग देर शाम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। निर्मला देवी की स्थिति देख चिकित्सकों ने मेडिकल काॅलेज के महिला अस्पताल रेफर किया। इस दौरान महिला की स्थिति गंभीर हो गई। इसपर उसे सीएचसी में ही भर्ती कर लिया। प्रसव के दौरान बच्चा मृत पैदा हुआ। कुछ देर में प्रसूता निर्मला देवी की भी मौत हो गई।

इधर घटना की जानकारी होते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और हंगामा करने लगे। साथ ही अस्पताल कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगा रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर पोस्टमार्टम कराने के लिए कहा। इसके बाद उसके पति पतिराम की तहरीर पर पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र पांडेय ने बताया कि परिजनों के अनुरोध पर जच्चा-बच्चा के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा।