80वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर महर्षि यूनिवर्सिटी में दिखा अद्भुत देशप्रेम

80वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर महर्षि यूनिवर्सिटी में दिखा अद्भुत देशप्रेम

नोएडा। 80वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (MUIT) के नोएडा कैंपस में देशभक्ति से जुड़ी सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, संगीत और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए आजादी के जश्न को खास बना दिया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं। किसी ने देशभक्ति गीतों से माहौल को जोश से भर दिया, तो किसी ने तबले और बांसुरी की मधुर धुनों से सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में देश के प्रति प्रेम और भारतीय संस्कृति की झलक साफ दिखाई दी। पूरे कार्यक्रम के दौरान परिसर में उत्साह और देशभक्ति का माहौल बना रहा।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलाधिपति अजय प्रकाश श्रीवास्तव मौजूद रहे। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है। युवाओं को अपनी प्रतिभा और ऊर्जा का इस्तेमाल देश के विकास और राष्ट्र निर्माण में करना चाहिए। उन्होंने भारतीय संस्कृति और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने पर भी जोर दिया।

इस मौके पर विशाल लाठर, विनीत माथुर और अखिलेश मिश्रा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। विश्वविद्यालय की डीन अकादमिक तृप्ति अग्रवाल, डिप्टी डीन अकादमिक, विभिन्न विभागों के डीन व डिप्टी डीन, फैकल्टी सदस्य और स्टाफ भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए यादगार रहा। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ विद्यार्थियों ने आजादी के महत्व, भारतीय संस्कृति और देश के प्रति अपने प्रेम को भी सामने रखा। कार्यक्रम ने पूरे विश्वविद्यालय परिसर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।