जनगणना-2027: नोएडा में स्वगणना अभियान का शुभारंभ, सांसद और सीईओ ने स्वयं एवं परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर की शुरुआत

जनगणना-2027: नोएडा में स्वगणना अभियान का शुभारंभ, सांसद और सीईओ ने स्वयं एवं परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर की शुरुआत

नोएडा में जनगणना कार्य के लिए 2,350 प्रगणक एवं 364 सुपरवाइजर तैनात

नोएडा। जनगणना-2027 के अंतर्गत 16 नवंबर 2026 से स्वगणना (Self Enumeration) अभियान का शुभारंभ हो गया है। इस अवसर पर नोएडा के पूर्व मंत्री व सांसद डॉ महेश शर्मा और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) ने स्वयं एवं अपने परिवार की जानकारी आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन दर्ज कर स्वगणना की शुरुआत की। उन्होंने नोएडा में निवास करने वाले समस्त सम्मानित निवासियों एवं आम जनमानस से इस राष्ट्रीय महत्व के अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की।

स्वगणना की सुविधा 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक उपलब्ध रहेगी। इसके लिए आम जनमानस भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर अपने एवं अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। सफलतापूर्वक स्वगणना पूर्ण होने पर प्राप्त स्वगणना पहचान संख्या (SE ID) सुरक्षित रखनी होगी, जिसे प्रगणक के घर आने पर उपलब्ध कराना होगा।

चार्ज अधिकारी, नोएडा इंदु प्रकाश सिंह ने बताया कि नोएडा में जनगणना के क्षेत्रीय कार्य के लिए कुल 2,350 प्रगणक एवं 364 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं, जो 01 दिसंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक घर-घर जाकर जनगणना करेंगे । स्वगणना अवधि के दौरान भी ये कार्मिक अपने आवंटित ब्लॉकों में जाकर आम जनमानस को जागरूक करेंगे। इसके लिए नोएडा में विशेष अभियान चलाया जाएगा । उन्होंने बताया कि नोएडा का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि क्षेत्र में निवास करने वाला कोई भी व्यक्ति जनगणना से छूटने न पाए और किसी की जानकारी दो बार दर्ज न हो।

जनगणना अवधि के दौरान नोएडा में किराये पर रहकर नौकरी, व्यवसाय अथवा अन्य कार्य करने वाले व्यक्तियों की गणना भी नोएडा में ही की जाएगी । उन्होंने यह भी अवगत कराया कि जनगणना के दौरान एकत्रित व्यक्तिगत जानकारी को जनगणना अधिनियम, 1948 की धारा 15 के अंतर्गत गोपनीय रखी जाती है।
चार्ज अधिकारी ने आम जनमानस से अपील की कि वे 30 नवंबर 2026 तक अपनी एवं अपने परिवार की स्वगणना अवश्य पूर्ण करें तथा क्षेत्रीय जनगणना के दौरान घर आने वाले प्रगणकों को आवश्यक सहयोग प्रदान करें।