खेलो इंडिया के लिए गौतम बुद्ध नगर के दो जिमनास्टों का चयन
अभिदा सिंह देव और पनिका वशिष्ठ ने हासिल की ऐतिहासिक उपलब्धि, पहली बार जिले की दो महिला खिलाड़ियों को मिला यह गौरव
नोएडा। गौतम बुद्ध नगर के खेल जगत के लिए यह अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय है कि पहली बार जिले की दो महिला जिम्नास्टों का चयन खेलो इंडिया के जिम्नास्टिक इवेंट के लिए हुआ है। यह उपलब्धि जिले में महिला खेल प्रतिभाओं के बढ़ते स्तर और खिलाड़ियों की मेहनत का प्रमाण है।
आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक में अभिदा सिंह देव तथा रिदमिक जिम्नास्टिक में पनिका वशिष्ठ का चयन किया गया है। दोनों खिलाड़ियों का चयन नेशनल गेम्स में उनके शानदार प्रदर्शन के आधार पर हुआ है।
पनिका वशिष्ठ ने विशेष उपलब्धि हासिल करते हुए उत्तर प्रदेश की पहली रिदमिक जिम्नास्ट बनने का गौरव प्राप्त किया है, जिनका चयन खेलो इंडिया गेम्स के लिए हुआ है। यह उपलब्धि प्रदेश की अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
दोनों प्रतिभाशाली जिम्नास्ट विजयश्री जिम्नास्टिक एकेडमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। उनकी इस सफलता में प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन, निरंतर अभ्यास और परिवार के सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इसके अतिरिक्त, गौतम बुद्ध नगर की आठ अन्य बालिका जिम्नास्ट मुंबई में 24 से 30 नवंबर तक आयोजित होने वाले यूथ नेशनल गेम्स में उत्तर प्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व कर रही हैं।
जिले की खिलाड़ियों की यह शानदार उपलब्धि खेलों में महिला प्रतिभाओं की बढ़ती भागीदारी और उत्कृष्ट प्रदर्शन को दर्शाती है। खेल प्रेमियों एवं खेल जगत से जुड़े लोगों ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


