नोएडा में ऐतिहासिक ‘गुरु मान्यो ग्रंथ चेतना समागम’ का भव्य समापन, हजारों की संख्या में संगत ने की शिरकत

नोएडा में ऐतिहासिक ‘गुरु मान्यो ग्रंथ चेतना समागम’ का भव्य समापन, हजारों की संख्या में संगत ने की शिरकत

रणजीत सिंह जी खालसा ढडरियां वाले के कीर्तन एवं आध्यात्मिक विचारों से मंत्रमुग्ध हुई संगत, अनेक गणमान्य हस्तियां रहीं उपस्थित।

नोएडा। ‘आओ प्यारिओ दशमेश जी वल्ल मुड़िए’ लहर के अंतर्गत श्री गुरु नानक देव जी एवं श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी को समर्पित दो दिवसीय ऐतिहासिक ‘गुरु मान्यो ग्रंथ चेतना समागम’ का आज नोएडा स्टेडियम, सेक्टर-21ए में भव्य समापन हुआ।

इस पावन अवसर पर रणजीत सिंह खालसा ढडरियां वाले एवं उनके साथियों ने दूसरे दिन भी भव्य कीर्तन दरबार में हाजिरी भरी। दोनों दिनों में नोएडा एवं एनसीआर के विभिन्न क्षेत्रों से हजारों की संख्या में गुरु प्यारी संगत ने पहुंचकर गुरबाणी एवं कीर्तन का श्रवण किया।

श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन प्रकाश से सजे भव्य दरबार में संगत की उपस्थिति ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। भाई साहिब जी के मधुर कीर्तन एवं आध्यात्मिक विचारों ने संगत को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने नाम सिमरन, गुरबाणी से जुड़ने तथा मानव जीवन को सार्थक बनाने के महत्व पर प्रकाश डाला।

अनेक गणमान्य हस्तियों की रही उपस्थिति

इस अवसर पर आयोजन समिति की ओर से मुख्य संरक्षक हरजीत सिंह साहनी, संरक्षक सरबजीत सिंह, नवनीत अरोड़ा, संयोजक रणधीर सिंह, चेयरमैन परमजीत सिंह, अध्यक्ष भूपिंदर सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष तेजपाल सिंह अरोड़ा एवं गुलजीत सिंह, उपाध्यक्ष महिंदर सिंह एवं अश्वनी सिंह, महासचिव हरमीत सिंह सग्गू, सचिव डिंपल आनंद, कोषाध्यक्ष सुखदीप सिंह तथा प्रिंट एवं सोशल मीडिया प्रभारी मनिंदर सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

इसके अतिरिक्त, 29 नवंबर को शाम 5 बजे गुरुद्वारा श्री गुरु हरकृष्ण साहिब, सेक्टर-12, नोएडा में अमृत संचार कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अमृत की दात प्राप्त की।

सहयोग देने वाली संस्थाओं का आभार

आयोजन को सफल बनाने में आयोजकों ने विशेष भूमिका निभाई। नोएडा पंजाबी समाज, गौतम बुद्ध नगर की समस्त गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों तथा इंदिरापुरम की संगत एवं सहयोगियों का विशेष आभार व्यक्त किया।

संगत के अपार उत्साह, सहयोग एवं श्रद्धा को देखते हुए आयोजकों ने भविष्य में भी इस प्रकार के धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया।

समागम का सीधा प्रसारण YouTube पर EMMPEE एवं दमदमा टीवी तथा Fastway चैनल नंबर 587 पर किया गया।

सभी धर्मों के श्रद्धालुओं के प्रति आभार

आयोजकों ने समस्त संगत, सभी धर्मों के श्रद्धालुओं एवं नोएडा-एनसीआर के निवासियों का हृदय से धन्यवाद किया और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

इस समागम का मुख्य उद्देश्य श्री गुरु नानक देव जी के सार्वभौमिक संदेश ‘किरत करो, नाम जपो और वंड छको’ को जन-जन तक पहुंचाना तथा समाज में प्रेम, सेवा, सद्भावना और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करना है।