नमामि गंगे के मार्गदर्शन में YSS फाउंडेशन का स्वच्छ यमुना मिशन
युवा शक्ति घाट पर सैकड़ों स्वयंसेवकों एवं स्थानीय नागरिकों की प्रभावशाली सहभागिता
नोएडा। YSS फाउंडेशन द्वारा संचालित “स्वच्छ यमुना मिशन” के अंतर्गत नमामि गंगे, भारत सरकार के मार्गदर्शन में युवा शक्ति घाट पर व्यापक स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान का सफल आयोजन किया गया।

संस्था के अध्यक्ष सचिन गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान में सैकड़ों स्वयंसेवकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय निवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य यमुना नदी को स्वच्छ, निर्मल एवं अविरल बनाए रखने के साथ-साथ नागरिकों में पर्यावरण संरक्षण एवं जल संरक्षण के प्रति जागरूकता को सुदृढ़ करना रहा।
इस अवसर पर फ्रेंड्स ऑफ यमुना से अशोक उपाध्याय, यमुना समन्वयक दिनेश कुमार, दुर्गा प्रसाद दुबे, कीर्ति एवं प्रकाश कुलबे की विशेष उपस्थिति रही। सभी ने संयुक्त रूप से यमुना संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने तथा “विशेष इंडियन आर्मी यमुना टास्क फोर्स” से जुड़कर राष्ट्र सेवा एवं पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का आह्वान किया।

अभियान के दौरान घाट एवं आसपास के क्षेत्रों की व्यापक सफाई की गई। प्लास्टिक एवं अन्य ठोस अपशिष्ट पदार्थों का संग्रहण कर उनका वैज्ञानिक एवं सुरक्षित निस्तारण सुनिश्चित किया गया। उपस्थित नागरिकों को “जल है तो कल है” का संदेश देते हुए सामूहिक संकल्प दिलाया गया कि यमुना को स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त बनाए रखने में सभी अपनी जिम्मेदारी निभाएँगे।
YSS फाउंडेशन द्वारा अब तक 200 से अधिक स्वच्छता अभियान आयोजित किए जा चुके हैं, जिनसे हजारों नागरिक प्रत्यक्ष रूप से जुड़कर इस मुहिम को निरंतर सशक्त बना रहे हैं।
संस्था ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे यमुना एवं अन्य जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी निभाएँ और स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुरक्षित पर्यावरण के निर्माण में सहयोग करें।


