ईपीएफओ और ईकोटेक-12 इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में ‘ईईसी-26’ जागरूकता सेमिनार व जिज्ञासा समाधान कार्यक्रम
ग्रेटर नोएडा: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO), क्षेत्रीय कार्यालय ग्रेटर नोएडा तथा ईकोटेक-12 इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में 'एम्प्लॉईज एनरोलमेंट कैंपेन – 2026' (EEC-26) के तहत एक विशेष जागरूकता सेमिनार एवं जिज्ञासा समाधान कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पीपीएस इंटरनेशनल (प्लॉट नं. 116C, ईकोटेक-12 इंडस्ट्रियल एरिया, ग्रेटर नोएडा वेस्ट) के परिसर में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-I (RPFC-I) श्री वैभव सिंह रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य उद्यमियों को पिछली गैर-अनुपालनाओं (non-compliances) को नियमित करने के सुनहरे अवसर और कर्मचारी भविष्य निधि से जुड़े नियमों के प्रति जागरूक करना था।
जिज्ञासा समाधान सत्र के दौरान क्षेत्र के उद्यमियों ने पीएफ नियमों, पंजीकरण प्रक्रिया और अनुपालन से जुड़ी अपनी विभिन्न शंकाएं व समस्याएं सामने रखीं। आयुक्त वैभव सिंह ने सभी प्रश्नों का बिंदुवार व नियमानुसार समाधान प्रस्तुत किया और उद्योगपतियों का उचित मार्गदर्शन किया। उन्होंने नियोक्ताओं को औपचारिक, सुरक्षित और समावेशी कार्यबल के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर ईकोटेक-12 इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष साहिल कुमार, पीपीएस इंटरनेशनल के संस्थापक व एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष पी.के. अग्रवाल, तथा बोर्ड मेंबर सुनील पाराशर विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में औद्योगिक क्षेत्र के कई अन्य गणमान्य उद्यमी एवं प्रतिनिधि भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने ईपीएफओ अधिकारियों का आभार व्यक्त किया और इसे उद्यमियों व कर्मचारियों दोनों के हित में एक सराहनीय पहल बताया। वहीं अतिथि क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-I (RPFC-I) श्री वैभव सिंह ने भी उपस्थित उद्यमियों की उनकी सहभागिता की सराहना की और विशेष रूप से ईकोटेक-12 इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के प्रयासों की सराहना की।


