नोएडा की छवि खराब करने वाले अधिकारियों पर एफआईआर हो, भ्रष्टाचार पर लगे लगाम
उत्तर प्रदेश का “शो विंडो” कहे जाने वाले नोएडा की छवि कुछ अधिकारियों की लापरवाही और भ्रष्टाचार के कारण लगातार खराब होने के विषय को लेकर युवा क्रांति सेना के अध्यक्ष अविनाश सिंह के नेतृत्व में संस्था ने सांसद डॉ महेश शर्मा के नाम उनके प्रतिनिधि संजय बाली को ज्ञापन सौंपकर दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और एफआईआर दर्ज कराने की मांग की।
अविनाश सिंह ने कहा कि सांसद के नेतृत्व में तथा सीईओ कृष्णा करुणेश और कमिश्नर लक्ष्मी सिंह द्वारा नोएडा को देश का मॉडल सिटी बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन प्राधिकरण के कुछ अधिकारी गलत आख्या लगाकर और वास्तविक स्थिति छिपाकर पूरे शहर की छवि को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि नोएडा में अवैध पार्किंग वसूली की शिकायत, नोएडा वर्क सर्किल 4 की शिकायत आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज होने के बावजूद अधिकारियों ने झूठी रिपोर्ट लगाकर मामले को दबाने, सफाई का कार्य कर रही कंपनी एजी एनवायरो इंफ्रास्ट्रक्चर और उससे जुड़ी संस्था नॉर्थ इंडिया डेवलपर्स के काले कारनामों और उनके कामकाज जिसके कारण शहर की स्वच्छता रैंकिंग एवं व्यवस्था प्रभावित हो रही है, इन सभी विषयों को लेकर ज्ञापन सौंपा उन्होंने हाल ही में सेक्टर-150 में इंजीनियर युवराज मेहता की सड़क दुर्घटना का जिक्र करते हुए कहा कि उस स्थान को लेकर पहले भी कई शिकायतें दर्ज थीं, लेकिन अधिकारियों की लापरवाही के कारण समय रहते कार्रवाई नहीं हो सकी।
सांसद प्रतिनिधि ने सभी मामलों की उच्चस्तरीय जांच कराने का आश्वासन दिया और जिन अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध पाए जाएगी, उनके खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई करवाने की बात कही। उन्होंने कहा कि नोएडा की प्रतिष्ठा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए।


