औद्योगिक प्रदूषण नियंत्रण एवं डीजी सेट नियमों पर हुई महत्वपूर्ण कार्यशाला एवं जागरूकता बैठक
ग्रेटर नोएडा वेस्ट: उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (UPPCB), क्षेत्रीय कार्यालय ग्रेटर नोएडा और इकोटेक-12 इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (पंजीकृत) के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार, 28 नवंबर 2026 को सायं 4:30 बजे से पीपीएस इंटरनेशनल (प्लॉट नं. 116-सी, इकोटेक-12, ग्रेटर नोएडा वेस्ट) में औद्योगिक प्रदूषण नियंत्रण एवं डीजी सेट नियमों पर एक महत्वपूर्ण कार्यशाला एवं जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (क्षेत्रीय कार्यालय, ग्रेटर नोएडा) के वरिष्ठ अधिकारी श्री रणजीत सिंह (सहायक पर्यावरण अभियंता), श्री कुमार साहिल वर्मा (SEA) तथा श्री शुभम श्रीवास्तव (JEA) उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता श्री रणजीत सिंह जी ने पर्यावरण नियंत्रण को लेकर जारी हुए नवीनतम दिशा-निर्देशों (गाइडलाइंस) और अद्यतन नियम-कानूनों के बारे में उद्यमियों को एक विस्तृत प्रेजेंटेशन (Presentation) के माध्यम से अत्यंत सरल व प्रभावी ढंग से समझाया।
कार्यशाला के प्रमुख बिंदु एवं चर्चा के विषय:
प्रेजेंटेशन एवं संवाद के दौरान एनसीआर में वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) के ढांचे और औद्योगिक अनुपालन से जुड़े निम्नलिखित महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डाला गया:
RECD एवं डुअल फ्यूल किट: डीजी सेटों में उत्सर्जन नियंत्रण उपकरणों (RECD) की रेट्रोफिटिंग और डुअल फ्यूल किट के उपयोग की अनिवार्यता।
उत्सर्जन मानक एवं ईंधन: निर्धारित चिमनी की ऊंचाई (Stack Height), उत्सर्जन मानकों का पालन तथा केवल अनुमोदित (Approved) ईंधन का उपयोग।
GRAP नियमों का अनुपालन: ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) अवधि के दौरान डीजी सेट के संचालन से जुड़े विशेष नियमों का कड़ाई से पालन।
OCEMS एवं APCD प्रणाली: ऑनलाइन कंटीन्यूअस एमिशन मॉनिटरिंग सिस्टम (OCEMS), एयर पॉल्यूशन कंट्रोल डिवाइस (APCD) तथा ERP-3 के प्रभावी क्रियान्वयन एवं कार्यप्रणाली पर मार्गदर्शन।
शीतकालीन तैयारियां एवं सेक्टर-वार नियम: खाद्य, धातु, टेक्सटाइल, बॉयलर आदि विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों के लिए निर्धारित प्रदूषण नियंत्रण मानकों और आगामी शीतकालीन तैयारियों की समीक्षा।
कार्यक्रम के दौरान एसोसिएशन के पदाधिकारियों और उद्यमियों ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों के साथ सीधा संवाद किया और अपनी व्यावहारिक समस्याओं एवं शंकाओं का समाधान प्राप्त किया। अधिकारियों ने उद्यमियों से पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने और सभी मानकों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर इकोटेक-12 इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष साहिल कुमार, महासचिव श्रेय गुप्ता, कोषाध्यक्ष पी.के. अग्रवाल, बोर्ड मेम्बर करण अनेजा, बोर्ड मेम्बर सुनील पाराशर, बी.डी. पुरोहित, कीरत चौधरी, सागर खनेजा, अरुण शर्मा, एम पी त्यागी आदि सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य उद्यमी बंधु व उनके प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


