प्रयागराज महाकुंभ 2025 : संग्रहित थाली-थैला को कुंभ के लिए भेजा
इंदिरापुरम: प्रयागराज में होने वाले महाकुंभ 2025 की तैयारियों के बीच, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने 'हरित कुंभ' बनाने का संकल्प लिया है। इस संकल्प को पूरा करने के लिए, पर्यावरण संरक्षण गतिविधि द्वारा एक थाली-थैला संग्रह अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत, संघ के स्वयंसेवक देश भर में घर-घर जाकर कपड़े के थैले और स्टील की थालियाँ एकत्रित कर रहे हैं। इनका उपयोग महाकुंभ में किया जाएगा ताकि कुंभ क्षेत्र को प्लास्टिक और डिस्पोजेबल सामग्री से मुक्त रखा जा सके और इसे एक पर्यावरण-हितैषी कुंभ बनाया जा सके।

जैसा कि ज्ञात है 13 जनवरी, 2025 को पौष पूर्णिमा के पावन अवसर पर प्रयागराज में महाकुंभ का शुभारंभ होगा। यह महाकुंभ 26 फरवरी को महाशिवरात्रि तक चलेगा, जो कुल 45 दिनों का होगा। इस दौरान 35-40 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।
हरनंदी महानगर में भी चलाए गए इस अभियान के तहत 27,000 से अधिक कपड़े के थैले और स्टील की थालियां एकत्रित की गईं, जिन्हें महाकुंभ के के लिए भेजा जा रहा है। इस अभियान में संघ के कार्यकर्ताओं के साथ-साथ स्थानीय अन्य लोगों ने भी बड़ी संख्या में भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपना समर्पण दिखाया।
महानगर प्रचारक ललित शंकर ने कहा, आरएसएस न केवल समाज हित में बल्कि विशेष रूप से पर्यावरण संरक्षण के लिए अभियान चलाता है। इस बार हमने महाकुंभ को हरित बनाने का संकल्प लिया है और सभी स्वयंसेवक इस अभियान को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
उन्होंने बताया कि हरनंदी महानगर के कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर लोगों से थैले और थाली एकत्रित किए। आज 27,000 से अधिक थैले और थाली महाकुंभ के लिए रवाना किए गए हैं। उन्होंने हरनंदी महानगर के पूरे समाज का इस पुनीत कार्य के लिए हार्दिक धन्यवाद किया। केशव कुंज कार्यालय पर कार्यकारिणी के सदस्यों ने भी उत्साहपूर्वक इस अभियान में भाग लिया और उपस्थित रहे।
इस अवसर पर महानगर कार्यालय खोड़ा से एक ट्रक द्वारा एकत्रित किए गए सभी थैले और थाली महाकुंभ के लिए रवाना किए गए।


