आईआईए के पुनः राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बने राजीव बंसल एवं नवीन गुप्ता बने नोएडा चैप्टर के चेयरमैन
नोएडा: इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (IIA) के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा वर्ष 2026-27 के लिए श्री राजीव बंसल को पुनः राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तथा नवीन गुप्ता को पुनः IIA नोएडा चैप्टर का चेयरमैन मनोनीत किया गया है।
इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (IIA) देश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) के विकास एवं उत्थान के लिए कार्य करने वाली प्रमुख औद्योगिक संस्था है। IIA लगातार केंद्र एवं राज्य सरकारों के साथ समन्वय स्थापित कर उद्योगों से जुड़े विषयों, नीतिगत सुधारों, उद्यमिता विकास, कौशल विकास, निर्यात संवर्धन एवं ईज ऑफ डूइंग बिजनेस जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में कार्य कर रही है।
राजीव बंसल लंबे समय से उद्योग जगत एवं MSME सेक्टर की समस्याओं को प्रभावी रूप से विभिन्न मंचों पर उठाते रहे हैं। उन्होंने औद्योगिक भूमि की उपलब्धता, कुशल श्रमिकों की कमी, सस्ती वित्तीय सुविधाएं, सरकारी योजनाओं का लाभ, निर्यात प्रोत्साहन एवं उद्योगों के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाओं जैसे मुद्दों पर निरंतर कार्य किया है।
पुनः राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनोनीत किए जाने पर राजीव बंसल ने IIA के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं संगठन के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि MSME भारत की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि वे MSME उद्यमियों की आवाज को और मजबूती से सरकार एवं संबंधित विभागों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
नवीन गुप्ता को पुनः नोएडा चैप्टर चेयरमैन बनाए जाने पर उद्यमियों ने प्रसन्नता व्यक्त की और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में नोएडा के उद्योगों से जुड़े विषयों को और मजबूती मिलेगी।
नवीन गुप्ता ने कहा नोएडा चैप्टर आने वाले वर्ष में उद्योगों की समस्याओं के समाधान, उद्यमियों के मार्गदर्शन, कौशल विकास एवं औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करता रहेगा


