पद्मश्री डॉ. रत्नप्पा भारमप्पा कुम्भार की 117वीं जयंती पर हुआ भव्य समारोह आयोजित

नोएडा : कनारसी, ग्रेटर नोएडा, गौतम बुद्ध नगर में भारतीय जनता पार्टी के तत्वावधान एवं प्रजापति समाज के सहयोग से महान स्वतंत्रता सेनानी, संविधान सभा के सदस्य, पूर्व सांसद एवं पूर्व सहकारिता मंत्री पद्मश्री डॉ. रत्नप्पा भारमप्पा कुम्भार की 117वीं जयंती बड़े ही हर्षोल्लास, श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई।

इस गरिमामयी समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य जी ने मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर महान स्वतंत्रता सेनानी को श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा प्रजापति समाज को अपना बहुमूल्य मार्गदर्शन प्रदान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय प्रजापति महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार प्रजापति ने की। मुख्य वक्ता लोकेश कुमार प्रजापति, पूर्व उपाध्यक्ष, राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग (भारत सरकार) ने समाज के अधिकारों, सम्मान एवं राजनीतिक भागीदारी की आवाज बुलंद करते हुए माननीय उपमुख्यमंत्री के समक्ष 12 सूत्रीय मांग पत्र प्रस्तुत किया।

इसमें प्रमुख रूप से महान स्वतंत्रता सेनानी डॉ. रत्नप्पा भारमप्पा कुम्भार जी को भारत रत्न से सम्मानित करने, उनकी स्मृति में राष्ट्रीय स्तर पर प्रेरणा स्थल एवं स्मारक स्थापित करने, प्रजापति समाज को उचित राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने, जातिगत जनगणना कराने, अति पिछड़ी जातियों के लिए आरक्षण में वर्गीकरण तथा संविधान के अनुच्छेद 340 के प्रावधानों को प्रभावी रूप से लागू करने सहित समाज के उत्थान से जुड़ी महत्वपूर्ण मांगें रखी गईं।

कार्यक्रम में नवाब सिंह नागर, क्षेत्रीय अध्यक्ष, भाजपा; डॉ. महेश शर्मा, सांसद गौतम बुद्ध नगर; धीरेंद्र सिंह, विधायक जेवर; तेजपाल सिंह नागर, विधायक दादरी; एवं ओमप्रकाश गोला, पूर्व अध्यक्ष, माटीकला बोर्ड सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का हृदय की गहराइयों से आभार एवं कोटि-कोटि धन्यवाद, जिन्होंने अपना बहुमूल्य समय देकर समारोह की गरिमा बढ़ाई और समस्त प्रजापति समाज को गौरवान्वित किया।

साथ ही समारोह में उपस्थित सभी विशिष्ट अतिथियों, समाज के वरिष्ठजनों, मातृशक्ति, युवाओं एवं हजारों की संख्या में पधारे प्रजापति समाज के सम्मानित साथियों का हृदय से आभार एवं अभिनंदन किया गया वहीं कार्यक्रम का सफल मंच संचालन प्रमोद कुमार प्रजापति ने किया।