सर्दियों में अपनापन की गर्माहट बाँट रहे समाजसेवी मुकेश शर्मा, एक ही दिन में 1,000 से अधिक लोगों को वितरित किए कंबल

सर्दियों में अपनापन की गर्माहट बाँट रहे समाजसेवी मुकेश शर्मा, एक ही दिन में 1,000 से अधिक लोगों को वितरित किए कंबल

‘एक दीया उनके नाम’ अभियान के तहत आम्रपाली जोडिएक और अरन्या सोसायटी में घरेलू सहायिकाओं, सुरक्षा कर्मियों और सहयोगी कर्मचारियों का सम्मान

10,000 परिवारों का लक्ष्य पार, लोगों के अनुरोध पर आगे बढ़ाया अभियान; अब नोएडा की अन्य सोसायटियों में भी होंगे आयोजन

नोएडा। सर्दियों की शुरुआत के साथ नोएडा के समाजसेवी, शिक्षाविद् एवं उद्यमी मुकेश शर्मा ने अपनी सामाजिक पहल “एक दीया उनके नाम, जो पूरे साल हमारे घरों को रोशन करते हैं” को आगे बढ़ाते हुए रविवार को नोएडा की दो आवासीय सोसायटियों में 1,000 से अधिक घरेलू सहायिकाओं और सहयोगी कर्मचारियों को कंबल, दीये एवं मिठाइयाँ वितरित कीं।

सेक्टर 120 स्थित आम्रपाली जोडिएक सोसायटी में 600 से अधिक और सेक्टर 119 स्थित अरन्या सोसायटी में 400 से अधिक लोगों को इस पहल का लाभ मिला।

इस दौरान मुकेश शर्मा ने स्वयं घरेलू सहायिकाओं, सुरक्षा गार्डों, हाउसकीपिंग कर्मचारियों, प्लंबर, इलेक्ट्रिशियन और अन्य सहयोगी कर्मचारियों को कंबल एवं उपहार भेंट किए। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों के लिए जलपान की भी व्यवस्था की गई।

इस पहल का उद्देश्य सर्दियों में सहयोगी कर्मचारियों को राहत पहुँचाने के साथ-साथ उनके योगदान के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और अपनापन व्यक्त करना है।

10,000 परिवारों का लक्ष्य पूरा, अब और अधिक लोगों तक पहुँचने का संकल्प

मुकेश शर्मा ने इस अभियान की शुरुआत नोएडा के 10,000 परिवारों तक पहुँचने के उद्देश्य से की थी। यह लक्ष्य पहले ही पार हो चुका है, लेकिन विभिन्न आवासीय सोसायटियों से लगातार मिल रहे अनुरोधों को देखते हुए उन्होंने इस पहल को आगे भी जारी रखने का निर्णय लिया है।

इस अवसर पर मुकेश शर्मा ने कहा “हमारे घरों में काम करने वाली बहनें, सुरक्षा कर्मी, सफाई कर्मचारी और रखरखाव से जुड़े सभी साथी पूरे साल हमारे घरों और सोसायटियों का ख्याल रखते हैं। अब जब सर्दियाँ शुरू हो रही हैं, तो हमारा भी दायित्व बनता है कि हम उनके लिए थोड़ी गर्माहट और अपनापन लेकर आएँ। यह केवल कंबल बाँटने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि उनके प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करने का एक छोटा सा प्रयास है।”

उन्होंने कहा कि शुरुआत में 10,000 परिवारों तक पहुँचने का संकल्प था, लेकिन लोगों से मिले स्नेह और सहयोग ने इस पहल को और आगे बढ़ाने की प्रेरणा दी है।

आम्रपाली जोडिएक AOA और अरन्या सोसायटी के निवासियों का मिला सक्रिय सहयोग

कार्यक्रम को सफल बनाने में AOA के अध्यक्ष के.के. मिश्रा, उपाध्यक्ष अरुण सभरवाल, कोषाध्यक्ष नीरज वाही, संयुक्त सचिव रणधीर गुप्ता, संयुक्त कोषाध्यक्ष सुश्री गुंजन भास्कर एवं सदस्य भ्रमित अग्रवाल का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

इसके अतिरिक्त सोसायटी के निवासी सत्यनारायण ठाकुर, हरिश्चंद्र भाटिया, अश्वनी कुमार और शुभम पाठक सहित अनेक निवासियों ने आयोजन में सक्रिय सहयोग किया।

मुकेश शर्मा ने AOA अध्यक्ष के.के. मिश्रा, उनकी टीम और सभी सहयोगी निवासियों का गर्मजोशी से स्वागत करने तथा इस पहल को सफल बनाने में सहयोग देने के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।

वहीं, सेक्टर 119 स्थित अरन्या सोसायटी में एस्टेट मैनेजर एवं स्थानीय निवासियों ने आगे बढ़कर कार्यक्रम की व्यवस्थाओं और उपहार वितरण में सक्रिय भागीदारी निभाई। मुकेश शर्मा ने उनके सहयोग और आत्मीय स्वागत के लिए भी धन्यवाद दिया।

आम्रपाली जोडिएक AOA के अध्यक्ष के.के. मिश्रा ने मुकेश शर्मा और गौरी शिक्षा फाउंडेशन की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज की वास्तविक प्रगति तभी संभव है, जब हम अपने साथ काम करने वाले हर व्यक्ति को सम्मान और अपनत्व दें।

रामराज्य की भावना हमारे व्यवहार में भी दिखाई देनी चाहिए

हाल ही में नोएडा में आयोजित तीन दिवसीय ‘अपने अपने राम’ कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए मुकेश शर्मा ने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने दैनिक जीवन और सामाजिक व्यवहार में उतारने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा “मेरे लिए रामराज्य की भावना का अर्थ है एक ऐसा समाज, जहाँ हर व्यक्ति को सम्मान मिले, कोई उपेक्षित न रहे और हम एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ खड़े हों। हमारे आसपास काम करने वाले लोगों के प्रति संवेदनशीलता, सम्मान और सहयोग की भावना भी इसी सोच का हिस्सा है। रामराज्य केवल हमारी कल्पना में नहीं, हमारे व्यवहार में भी दिखाई देना चाहिए।”

उन्होंने कहा कि एक बेहतर समाज बनाने के लिए केवल बड़ी घोषणाओं की नहीं, बल्कि छोटे-छोटे सकारात्मक प्रयासों की जरूरत है।

आने वाले सप्ताहों में नोएडा की अन्य सोसायटियों में भी होगा कंबल वितरण

मुकेश शर्मा ने बताया कि आने वाले सप्ताहों में नोएडा की कई अन्य आवासीय सोसायटियों में भी इस अभियान के अंतर्गत कंबल एवं उपहार वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इसके लिए विभिन्न अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (AOA), रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) और स्थानीय निवासियों से संवाद किया जा रहा है।

उन्होंने सभी सोसायटियों के पदाधिकारियों और निवासियों से अपील की कि वे इस पहल से जुड़ें और अपने यहाँ काम करने वाली घरेलू सहायिकाओं तथा सहयोगी कर्मचारियों को सम्मान देने के लिए स्वयं आगे आएँ।

“हम चाहते हैं कि सोसायटी के निवासी केवल उपहार वितरण देखने न आएँ, बल्कि अपने घरों में काम करने वाली बहनों और अन्य सहयोगियों को स्वयं सम्मान दें। उनके साथ कुछ समय बिताएँ, उनसे बातचीत करें और उन्हें यह एहसास दिलाएँ कि वे हमारे समाज का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।”

हर साल नोएडा की सामूहिक परंपरा बने ‘एक दीया उनके नाम’

मुकेश शर्मा ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल इस सर्दी में कंबल वितरित करना नहीं, बल्कि नोएडा की आवासीय सोसायटियों में सहयोगी कर्मचारियों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की एक स्थायी संस्कृति विकसित करना है।

उनका प्रयास है कि आने वाले वर्षों में विभिन्न सोसायटियों के निवासी और AOA/RWA मिलकर हर वर्ष अपने घरेलू सहायकों, सुरक्षा कर्मियों, सफाई कर्मचारियों और अन्य सहयोगियों के सम्मान में ऐसे आयोजन करें।

“हमने इस पहल की शुरुआत जरूर की है, लेकिन हमारी इच्छा है कि आने वाले वर्षों में हर सोसायटी इसे अपना अभियान बनाए। यदि हर वर्ष निवासी और सोसायटी की प्रबंध समितियाँ मिलकर अपने सहयोगी कर्मचारियों के लिए कुछ करें, तो यह एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पूरे नोएडा की एक सुंदर परंपरा बन सकती है।”

शिक्षा के साथ सामाजिक बदलाव की दिशा में निरंतर प्रयास

प्रोमेथियस स्कूल के संस्थापक एवं गौरी शिक्षा फाउंडेशन के प्रबंध न्यासी मुकेश शर्मा लंबे समय से शिक्षा और सामाजिक सेवा के विभिन्न कार्यों से जुड़े हुए हैं।

वे जरूरतमंद परिवारों की सहायता, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक कल्याण से जुड़ी विभिन्न पहलों पर कार्य कर रहे हैं।

उनका मानना है कि एक बेहतर नोएडा का निर्माण केवल बुनियादी सुविधाओं के विकास से नहीं, बल्कि एक ऐसे संवेदनशील समाज से होगा, जहाँ हर व्यक्ति के योगदान को सम्मान मिले।

“एक दीया उनके नाम, जो पूरे साल हमारे घरों को रोशन करते हैं।”

“इस सर्दी, उनके लिए थोड़ी गर्माहट, थोड़ा अपनापन और ढेर सारा सम्मान।”

कहना नहीं, कर दिखाना है! नोएडा को बेहतर बनाना है!