सविंदा लाइनमैन की गई जान, तार जोड़ते समय करंट की चपेट में आया 

सविंदा लाइनमैन की गई जान, तार जोड़ते समय करंट की चपेट में आया 

   गाज़ीपुर,भांवरकोल थाना क्षेत्र के मनिया गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास शनिवार को ट्रांसफार्मर पर तार जोड़ रहे संविदा लाइनमैन की करंट की चपेट में आने से अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा। आसपास के लोग उसे जिला अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इधर इकलौते बेटे की मौत से परिजनों के रोने- बिलखने से गांव में चीख- पुकार मच गई।वाराणसी से मुख्य अिभयंता अनुप वर्मा घटना स्थल पर पहुंचे और अधीक्षण अभियंता से घटना की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि प्रथमदृष्टया जेई की लापरवाही सामने आई है। उनको निलंबित करने का निर्देश अधीक्षण अभियंता को दिया गया है।

बलिया जनपद के कोटवा नारायणपुर गांव निवासी मन्नू कुशवाहा (32) की छह माह पहले संविदा पर कोटवा नारायणपुर स्थित उपकेंद्र पर लाइनमैन के पद पर तैनाती हुई। इस फीडर से भांवरकोल क्षेत्र में बिजली आपूर्ति गई हुई है। सुबह ट्रांसफार्मर का तार टूटने से आपूर्ति बाधित हो गई थी। ग्रामीणों की सूचना पर संविदा लाइनमैन शटडाउन लेकर मनिया गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय पहुंचा और ट्रांसफार्मर पर चढ़कर तार जोड़ने लगा।इसी दौरान दूसरे फीडर से पास से गुजर रही हाइटेंशन तार से उसका हाथ छू गया। करंट की चपेट में आने से संविदा कर्मी लाइनमैन को तेज झटका लगा और वह अचेत होकर जमीन गिर पड़ा। घटना के बाद आस-पास के लोगों की भीड़ लग गई। उन्हें उपचार के लिए आस-पास के ग्रामीण मुहम्मदाबाद सीएचसी लेकर गए। जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

जहां अस्पताल के चिकित्सकों ने लाइनमैन को मृत घोषित कर दिया। इधर मौत की सूचना मिलते ही मां पावित्री देवी और पत्नी निशा का रो-रोकर बुरा हाल है। सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि शव को लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।