'अपने अपने राम' के आयोजक मुकेश शर्मा ने ली समाजवादी पार्टी की सदस्यता, अखिलेश के साथ साझा किया मंच

'अपने अपने राम' के आयोजक मुकेश शर्मा ने ली समाजवादी पार्टी की सदस्यता, अखिलेश के साथ साझा किया मंच

नोएडा विधानसभा चुनाव के सपा उम्मीदवार के रूप में चर्चित रहे हैं मुकेश शर्मा 

नोएडा (गौतमबुद्ध नगर)। जाने-माने समाजसेवी, शिक्षाविद् एवं उद्योगपति मुकेश शर्मा ने शुक्रवार को लखनऊ में समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। उन्होंने लखनऊ में सपा के पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की मौजूदगी में सपा की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की।
इधर जैसे ही शुक्रवार को यह खबर फोटो सहित वायरल हुई नोएडा की राजनीति में उनकी संभावित भूमिका को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। वहीं राजनीतिक गलियारों में उनके नोएडा विधानसभा सीट से सपा उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने की संभावनाएं भी प्रबल हो उठी हैं। हालांकि पिछले एक माह से मुकेश शर्मा के होर्डिंग्स व बैनर रातोंरात नोएडा में नजर आते ही यह संभावना जताई जा रही थी। हालांकि समाजवादी पार्टी से जारी की गई सूची में अभी तक उनका नाम उजागर नहीं किया गया है।

बता दें कि मुकेश शर्मा शिक्षा, उद्योग और सामाजिक क्षेत्र में अपनी अलग पहचान रखते हैं। वर्तमान में वह नोएडा स्थित प्रतिष्ठित प्रोमिथियस स्कूल के संचालक हैं। जहां उन्होंने कुछ दिनों पहले ही इण्डियन पैरालंपिक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया था। जबकि सामाजिक क्षेत्र में भी वह सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। यही नहीं वह गौरी शिक्षा फाउंडेशन के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की बालिकाओं को निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रहे हैं। इसके साथ ही वह विभिन्न सामाजिक और धार्मिक आयोजनों में भी सक्रिय भागीदारी निभाते रहे हैं।

हाल ही में उन्होंने नोएडा में श्रीराम कथा मर्मज्ञ एवं कवि डॉ कुमार विश्वास के तीन दिवसीय ‘अपने-अपने राम’ कार्यक्रम का आयोजन कराया था। जिसमें भारी संख्या में समाज का प्रत्येक वर्ग शामिल हुआ था। वहीं उन्होंने श्री खाटूश्यामजी व सालासर बालाजी जी महाराज के दर्शनार्थ प्रत्येक शुक्रवार को निशुल्क बस सेवा का शुभारंभ भी किया। लगातार मुकेश शर्मा के धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में सक्रियता देखते हुए लोगों ने उनकी उम्मीदवारी एक भगवाधारी पार्टी से भी लगाना शुरू कर दिया था।

इधर शुक्रवार को मुकेश शर्मा के सपा में शामिल होने के बाद नोएडा की राजनीतिक गतिविधियों में उनकी भूमिका को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। वहीं कयास लगाए जा रहे हैं कि 2027 में विधानसभा चुनाव में सपा मुखिया अखिलेश यादव भी कोई कोर कसर बाकी नहीं रख रहे हैं। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अपनी सरकार बनाने के लिए उन्होंने अपनी शैली में बदलाव करते हुए दमदार उम्मीदवारों के चयन को लेकर गणित बदल लिया है। अखिलेश अब प्रत्येक विधानसभा में हरेक वर्ग में हर स्तर पर दमदार कैंडिडेट पर ही अपना दांव खेलेंगे।