यात्री सुरक्षा पर परिवहन विभाग सख्त, तीन जिलों में 70 व्यावसायिक वाहनों पर कार्रवाई

यात्री सुरक्षा पर परिवहन विभाग सख्त, तीन जिलों में 70 व्यावसायिक वाहनों पर कार्रवाई

गाजियाबाद। यात्री परिवहन व्यवस्था को सुरक्षित और नियमबद्ध बनाने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने सोमवार को गाजियाबाद सम्भाग के गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर और हापुड़ जनपदों में व्यापक जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 70 व्यावसायिक यात्री वाहनों के खिलाफ चालान और बंदी की कार्रवाई करते हुए 23.45 लाख रुपये का प्रशमन शुल्क लगाया गया।

सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) डॉ. सियाराम वर्मा के नेतृत्व में चले इस विशेष अभियान में प्रवर्तन अधिकारियों ने प्रमुख हाईवे, संवेदनशील मार्गों और यात्री परिवहन के प्रमुख रूटों पर सघन जांच की। परी चौक के जीरो प्वाइंट, महामाया फ्लाईओवर, यूपी गेट तथा हापुड़-मेरठ मार्ग पर चलने वाली बसों और अन्य यात्री वाहनों की विशेष रूप से जांच की गई।

जांच के दौरान वाहनों के परमिट, फिटनेस प्रमाणपत्र, बीमा, चालक के लाइसेंस एवं अन्य दस्तावेजों की जांच की गई। साथ ही अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स, इमरजेंसी एग्जिट और अन्य सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता भी परखी गई। जिन वाहनों में आवश्यक दस्तावेज या सुरक्षा मानकों की कमी मिली, उनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान गाजियाबाद में 33, गौतमबुद्धनगर में 24 तथा हापुड़ में 13 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। कुल 70 वाहनों पर चालान एवं बंदी की कार्रवाई के साथ 23.45 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।

डॉ. सियाराम वर्मा ने बताया कि इस तरह के अभियान का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि यात्रियों को सुरक्षित यात्रा उपलब्ध कराना और सड़क पर नियमों का पालन सुनिश्चित कराना है। उन्होंने कहा कि अवैध और असुरक्षित यात्री वाहनों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।