7X वेलफेयर टीम ने चलाया गाँव की गली और सड़क सुरक्षा अभियान
नोएडा। भारत में हर दिन 415 लोग विभिन्न सड़क दुर्घटनाओं में मौत का शिकार हो जाते हैं। इसका मुख्य कारण ज्यादा तेज गति से वाहन चलाना और ओवर टेक करने की कोशिश करना माना जाता है।
एक्सपर्ट के मुताबिक भारत मे 78% से ज्यादा दुर्घटनाओं का कारण वाहन चलाने वाले की लापरवाही मानी जाती है। दुर्घटनाओं से जहां जान का नुकसान होता है वहीं मृतकों के आश्रितों पर आर्थिक बोझ भी पड़ने लगता है। इसी क्रम में 7X वेलफेयर टीम द्वारा ग्राम सुल्तानपुर सेक्टर 128 में गाँव की गली और सड़क सुरक्षा अभियान चलाया गया।
7X वेलफेयर टीम पदाधिकारी ने कहा कि बहुत सारी दुर्घटनाएं राष्ट्रीय राजमार्ग और एक्सप्रेसवे पर होती हैं जिसके चपेट में प्रायः आस पास बसे गाँव के लोग आ जाते हैं।
गाँव के गलियों से बिना हेलमेट लिए और बिना सीट बेल्ट बांधे गाँव के लोग प्रायः नोयडा ग्रेटर नोयडा एक्सप्रेसवे पर निकल जाते हैं और दुर्घटना का शिकार बन जाते हैं।
सड़क सुरक्षा के प्रति लोगो को लगातार जागरूक कराते रहने वाली 7x वेलफेयर टीम ने ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर इस बार का अभियान सेक्टर 128 सुल्तानपुर गांव में चलाया और वहां के लोगो को यातायात के नियमों की बारीकियों के बारे में समझाया।
समाजसेवी विक्रम सेठी ने बताया कि इस अभियान में गाँव के बच्चों, व्यस्कों एवं बुजुर्गों ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया और यातायात के नियमों का सख्ती से पालन करने का संकल्प लिया । आज के अभियान में ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार और उनके सहयोगी यातायात कर्मियों का साथ मिला। अभियान को सफल बनाने में समाजसेवी आदेश त्यागी का भी सहयोग प्राप्त हुआ। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में और आस पास के गांवों में ऐसे और अभियान चलाये जाएंगे।


