12 अगस्त को नोएडा में फेडरेशन ऑफ पंजाबी एसोसिएशन का होगा भव्य 'संकल्प' समारोह

12 अगस्त को नोएडा में फेडरेशन ऑफ पंजाबी एसोसिएशन का होगा भव्य 'संकल्प' समारोह

पंजाबी समाज रचेगा इतिहास : देशभर से जुटेंगे पंजाबी समाज के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक क्षेत्र के गणमान्य लोग

नोएडा। पंजाबी समाज की एकता, सामाजिक शक्ति, सांस्कृतिक विरासत और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से फेडरेशन ऑफ पंजाबी एसोसिएशन द्वारा सेक्टर 51 स्थित शेवरॉन हॉल में बुधवार, 12 अगस्त 2026 को एक भव्य 'संकल्प' समारोह आयोजित किया जा रहा है। समारोह में देश के विभिन्न क्षेत्रों से पंजाबी समाज के प्रतिनिधियों के साथ-साथ अनेक वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, सामाजिक एवं सार्वजनिक जीवन से जुड़े गणमान्य व्यक्तित्व विशेष रूप से शामिल होंगे।

विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
संकल्प समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना वहीं विशिष्ट अतिथियों में प्रमुख रूप से पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद, गौतमबुद्ध नगर डॉ. महेश शर्मा, नोएडा विधायक पंकज सिंह, हरियाणा विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण मिड्ढा, प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा के अतिरिक्त देश के विभिन्न राज्यों से पंजाबी समाज के अनेक प्रतिनिधि, सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारी, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, युवा एवं मातृशक्ति भी समारोह में भाग लेंगे।

फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेंद्र मेहता ने कहा कि संकल्प समारोह का उद्देश्य किसी व्यक्ति या संस्था को प्रतिस्थापित करना नहीं, बल्कि देशभर के पंजाबी समाज को एक साझा मंच पर लाना है, उन्होंने कहा कि पंजाबी समाज ने हमेशा देश को देने का काम किया है। आज आवश्यकता है कि समाज की अलग-अलग संस्थाएं अपने छोटे-छोटे मतभेदों से ऊपर उठकर एक बड़े उद्देश्य के लिए एकजुट हों इसलिए अब समय मतभेदों का नहीं, समाज को एक मंच पर लाने का है।
उन्होंने कहा कि फेडरेशन देशभर की पंजाबी संस्थाओं को जोड़कर यूनिटी - हेरिटेज - स्ट्रैंथ के सिद्धांत पर काम करेगा। उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प अपने समाज को मजबूत करने का है। पंजाबी समाज की पहचान, संस्कृति, भाषा, विरासत और नई पीढ़ी को सुरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। अगर हम आज एकजुट नहीं हुए तो आने वाली पीढ़ियां हमसे सवाल करेंगी कि जब समय था तब हमने क्या किया?”

फेडरेशन के राष्ट्रीय महासचिव सुनील मेहता ने कहा कि संकल्प समारोह देशभर की पंजाबी संस्थाओं के बीच संवाद और सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि फेडरेशन का प्रयास रहेगा कि विभिन्न शहरों और राज्यों में सक्रिय पंजाबी संस्थाओं को एक साझा मंच मिले तथा सामाजिक सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य, युवा एवं महिला सशक्तिकरण जैसे क्षेत्रों में संयुक्त रूप से बड़े कार्य किए जाएं।उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य संख्या बढ़ाना मात्र नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक शक्ति को सही दिशा देना है।

फेडरेशन के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष सुभाष जैन ने कहा कि किसी भी सामाजिक संगठन की वास्तविक ताकत उसकी सेवा भावना और पारदर्शी कार्यप्रणाली होती है।उन्होंने कहा कि फेडरेशन आने वाले समय में जरूरतमंद परिवारों की सहायता, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सेवा और समाज के कमजोर वर्गों के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि समाज की एकता तभी सार्थक है जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

मातृशक्ति और युवा शक्ति की रहेगी विशेष भूमिका

संकल्प समारोह में फेडरेशन की मातृशक्ति और युवा वर्ग की सक्रिय भागीदारी भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। फेडरेशन का मानना है कि पंजाबी समाज की सामाजिक शक्ति को मजबूत करने में महिलाओं और युवाओं की भूमिका निर्णायक है।
मातृशक्ति के माध्यम से समाज की महिलाओं को सामाजिक सेवा, संस्कार, शिक्षा और सामुदायिक गतिविधियों से जोड़ने का अभियान भी आगे बढ़ाया जा रहा है।

संकल्प समारोह में लिया जाएगा सामाजिक एकता का संकल्प

समारोह के दौरान पंजाबी समाज की एकता, संस्कृति और विरासत को सुरक्षित रखने के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, जरूरतमंदों की सहायता, महिला सशक्तिकरण, युवा सहभागिता और सामाजिक संस्थाओं के बीच समन्वय बढ़ाने का संकल्प लिया जाएगा।

फेडरेशन के अध्यक्ष वीरेंद्र मेहता, महासचिव सुनील मेहता एवं कोषाध्यक्ष सुभाष जैन ने सभी पंजाबी संस्थाओं, समाज के गणमान्य नागरिकों, युवाओं एवं मातृशक्ति से इस ऐतिहासिक अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर एकता और सामाजिक संकल्प की इस मुहिम को मजबूत करने का आह्वान किया है।