सहज कर संवाद–2026 में IBA ने उद्यमियों की समस्याओं एवं सुझावों से संबंधित मांग-पत्र आयुक्त को सौंपा
केंद्रीय जीएसटी आयुक्तालय, गौतम बुद्ध नगर द्वारा G.L. Bajaj Institute of Technology & Management, ग्रेटर नोएडा में आयोजित "सहज कर संवाद–2026" कार्यक्रम में इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA), गौतम बुद्ध नगर के प्रतिनिधिमंडल ने सक्रिय सहभागिता करते हुए उद्यमियों एवं व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं, सुझावों एवं मांगों से संबंधित एक विस्तृत ज्ञापन/सुझाव-पत्र आयुक्त डॉ. यशोवर्धन पाठक (IRS) को सौंपा।
ज्ञापन में मुख्य रूप से जीएसटी पंजीयन एवं पंजीयन संशोधन प्रक्रिया के सरलीकरण, पंजीयन संबंधी समस्याओं के समाधान हेतु समर्पित हेल्प डेस्क की स्थापना, आईटीसी (Input Tax Credit) से जुड़े व्यावहारिक समाधान, रिफंड दावों के समयबद्ध निस्तारण, जीएसटी अनुपालन को सरल बनाने, नोटिस एवं जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता, जीएसटी पोर्टल की तकनीकी समस्याओं के त्वरित समाधान तथा उद्योग संगठनों के साथ नियमित संवाद व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण सुझाव शामिल किए गए। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इन सुधारों से करदाताओं को सुविधा मिलेगी, स्वैच्छिक अनुपालन को बढ़ावा मिलेगा तथा "Ease of Doing Business" को और अधिक मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर अपर आयुक्त दर्पण जैन, अपर आयुक्त अर्जुन लाल सहित केंद्रीय जीएसटी विभाग के अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने उद्योग जगत से प्राप्त सुझावों का स्वागत करते हुए सकारात्मक एवं सहयोगात्मक दृष्टिकोण से उन पर विचार करने का आश्वासन दिया।
इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) की ओर से अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय, महासचिव सुनील दत्त शर्मा, कोषाध्यक्ष राकेश अग्रवाल, सेक्टर सचिव विरेंद्र प्रताप रावल तथा वरिष्ठ सदस्य सुभाष चौहान कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
IBA के अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने कहा कि "सहज कर संवाद–2026" जैसे कार्यक्रम विभाग एवं उद्योग जगत के बीच विश्वास, पारदर्शिता और सहभागिता को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि एसोसिएशन द्वारा दिए गए सुझावों पर सकारात्मक निर्णय लेकर जीएसटी प्रणाली को और अधिक उद्योग-अनुकूल, सरल एवं प्रभावी बनाया जाएगा, जिससे उद्यमियों को सुगम व्यापारिक वातावरण उपलब्ध होगा और राजस्व संग्रह के साथ-साथ औद्योगिक विकास को भी नई गति मिलेगी।


