भाकियू किसानों की समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए प्रतिबद्ध: अशोक भाटी
नोएडा । भारतीय किसान यूनियन द्वारा ग्रेटर नोएडा के सैनी गांव में आगामी 22 दिसंबर को यमुना एक्सप्रेसवे जीरो पॉइंट पर होने वाली किसान महापंचायत की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता शीशपाल सिंह ने की, जबकि संचालन नवीन कसाना ने किया।कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में नोएडा जिला अध्यक्ष अशोक भाटी और दादरी जिला अध्यक्ष मनोज मावी उपस्थित रहे। ग्रामवासियों ने विद्युत विभाग की लापरवाही, आबादी निस्तारण, पेंशन योजना तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की कमी पर नाराजगी जताई।
अपने संबोधन में जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने कहा कि राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत के नेतृत्व में 22 दिसंबर को प्रस्तावित ग्रेटर नोएडा महापंचायत में नोएडा से आगरा तक के किसानों की समस्याओं पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि भाकियू किसानों की समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि 16 से 18 नवंबर तक सोरम (मुजफ्फरनगर) में होने वाली सर्वखाप पंचायत में भी संगठन की मजबूती के लिए व्यापक भागीदारी होगी।
बैठक के दौरान कई ग्रामीणों ने बाबा टिकैत में आस्था व्यक्त करते हुए भाकियू की सदस्यता ग्रहण की।ग्रामवासियों ने संगठन पदाधिकारियों का फूल माला, पटका पहनाकर और राधे कृष्ण व शिव दरबार की प्रतिमाएं भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम में करतार सिंह, चंद्रपाल सिंह, ज्ञानेंद्र सिंह, सिंहराज गुर्जर, संजय फौजी, विजेंद्र भड़ाना, कालूराम भाटी, राजकुमार प्रजापति, अजय गुर्जर, सुमित कसाना, विपुल जिंदड़ सहित बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण मौजूद रहे।


