इंसानियत हुई शर्मसार, महिला और नवजात का शव बरामद

इंसानियत हुई शर्मसार, महिला और नवजात का शव बरामद

गाज़ीपुर   दिलदारनगर अमौरा पकड़ी मार्ग पर पानी से भरे गड्ढे में बृहस्पतिवार की सुबह नवजात शिशु के साथ एक महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते वहां ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक महिला की उम्र करीब 22 वर्ष है। महिला के बाएं हाथ में निडिल लगा हुआ था और नवजात महिला के नाल से उसी तरह जुड़ा हुआ था। पानी में रहने की वजह से शव पूरी तरह से सड़ चुका था, जिससे उनकी शिनाख्त नहीं हो पाई है।

क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं रहीं। लोग कयास लगाते रहे कि किसी हॉस्पिटल में महिला की डिलीवरी के दौरान मौत हुई होगी और संबंधित के द्वारा महिला के शव को फेंक दिया गया होगा। महिला के एक हाथ में टैटू बना हुआ है जबकि एक हाथ में पानी चढ़ाने का निडिल लगा था। शव से दुर्गंध आ रही थी।

इस संबंध में थाना प्रभारी अशेष नाथ सिंह ने बताया कि अज्ञात महिला का नवजात के साथ शव मिला है। शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। शव को सुरक्षित मर्चरी हाउस में रखवा दिया गया।