दिव्य कृष्णत्रेय ने मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 काज़िया लिज़ मेजो को दी बधाई
नोएडा। सेक्टर 126 स्थित 'मूनलाइट इंफ्रा' के सौजन्य से आयोजित भव्य एवं विशेष कार्यक्रम 'द मूनलाइट मीट अप' में एक ऐतिहासिक क्षण दर्ज किया गया। 'मिस यूनिवर्स इंडिया 2026' का प्रतिष्ठित ख़िताब जीतकर पूरे देश का मान बढ़ाने वाली काज़िया लिज़ मेजो की गरिमामयी मौजूदगी में एक अत्यंत स्मरणीय एवं प्रेरणादायी समारोह संपन्न हुआ। इस गौरवपूर्ण अवसर पर सेक्टर 105 आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने काज़िया लिज़ मेजो से शिष्टाचार मुलाकात की तथा समस्त सेक्टरवासियों एवं आरडब्ल्यूए कार्यकारिणी समिति की ओर से उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर इस अभूतपूर्व और ऐतिहासिक सफलता के लिए हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।

मुलाकात के दौरान अपने उद्बोधन में आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने कहा कि काज़िया लिज़ मेजो न केवल अद्वितीय सौंदर्य और उत्कृष्ट प्रतिभा की मिसाल हैं, बल्कि उनकी यह ऐतिहासिक सफलता वर्षों के अनवरत परिश्रम, समर्पण और अटूट निष्ठा का प्रतिफल है। उन्होंने आगे कहा कि सफलता के इस सर्वोच्च शिखर पर पहुँचकर भी उनका सहज, कोमल और अत्यंत विनम्र व्यवहार उन्हें संपूर्ण समाज और युवा पीढ़ी के लिए एक सच्चा और अनुकरणीय आदर्श बनाता है।
इस भव्य समारोह में क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियों, उद्योगपतियों एवं समाजसेवी प्रबुद्ध जनों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिसमें मूनलाइट इंफ्रा के संरक्षक मनु चौहान, प्रमुख उद्योगपति मनमोहन शर्मा, उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष पीयूष द्विवेदी, वरिष्ठ समाजसेवी कपिल चौहान ,अशोक चौहान सहित अनेक गणमान्य लोग विशेष रूप से मौजूद रहे। समारोह के समापन पर सीईओ मोनू चौहान, मनमोहन शर्मा, अध्यक्ष पीयूष द्विवेदी एवं आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने संयुक्त रूप से काज़िया लिज़ मेजो को आगामी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का परचम लहराने और जीवन में सफलता के नए शिखरों को छूने हेतु सह्रदय शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।


