एक नामजद दो अज्ञात पर मुकदमा दर्ज

गाजीपुर   बरेसर थाना क्षेत्र के सिपाह गांव में बाइक सवार तीन हमलावरों द्वारा एक युवक पर चाकू से हमलाकर घायल करने के मामले में बृहस्पतिवार की देर रात पुलिस ने एक नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। घायल की मां की तहरीर पर पुलिस मुकदमा दर्ज किया है। इधर घायल एवं हमलावर की हालत स्थिर है। दोनों का उपचार मऊ अस्पताल में चल रहा हैै।मालूम हो कि बीते तीन नवंबर की शाम बृजेश राजभर अपने मकान के बाहर खड़ा था। इसी दौरान एक बाइक पर तीन हमलावर पहुंचे और बृजेश पर चाकू से हमला कर दिया। घायल युवक खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ा और शोर मचाने लगा था। आवाज सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे और एक हमलावर को धर-दबोचा। जबकि दो अन्य हमलावर भागने में सफल रहे।

ग्रामीणों ने पकड़े गए हमलावर की धुनाई कर दी थी। इधर ग्रामीणों ने हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग को बरेसर- अलावलपुर मार्ग जाम कर दिया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हमलावर को ग्रामीणों की चंगुल से छुड़ाया और उपचार के लिए घायल बृजेश राजभर एवं हमलावर को उपचार के लिए मऊ जिला अस्पताल भेज दिया था।

इधर कासिमाबाद एसडीएम वीर बहादुर यादव ने समझा-बुझाकर जाम समाप्त करा दिया था। देर रात घायल बृजेश राजभर की मां धर्मावती देवी की तहरीर पर पुलिस ने एक हमलावर सिपाह गांव निवासी तेज प्रताप सिंह उर्फ टाइगर के खिलाफ नामजद एवं दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्जकर छानबीन में जुट गई। वहीं घायलों की हालत अस्पताल में स्थिर बनी हुई है। इस संबंध में बरेसर थानाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्जकर छानबीन की जा रही है।