फ्लोरीकल्चर सोसायटी करेगी गुलदाउदी प्रदर्शनी का आयोजन

फ्लोरीकल्चर सोसायटी करेगी गुलदाउदी प्रदर्शनी का आयोजन

 नोएडा। शरद ऋतु का स्वागत करते हैं पुष्पों की प्रदर्शनी के साथ। फ्लोरिकल्चर सोसाइटी ऑफ़ नोएडा आयोजित कर रहा है गुलदाउदी उत्सव ६ और ७ दिसम्बर को सेक्टर ८ नोएडा अथॉरिटी की नर्सरी में। पुष्प प्रेमियों को इस आयोजन की प्रतीक्षा वर्ष भर रहती है जहाँ गुलदाउदी के पुष्प रंगों की छटा बिखेरते हुए अपनी भीनी भीनी सुगन्ध के साथ सबको आकर्षित करते हैं।

इस प्रदर्शनी में दिल्ली, नोएडा और आस पास के बहुत से औद्योगिक और शिक्षण संस्थानों के साथ साथ आवासीय कॉलोनियों से भी प्रतिभागी आयेंगे जो अपने पुष्पों के प्रदर्शन के साथ साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं में भी भाग लेंगे।

इस बार उत्सव को और भी आकर्षित बनाने के लिए फ़ॉलिएज, कोलियस, फर्न और गुलाब को भी शामिल किया गया है। यकीन मानिए, यह धारणा समाप्त हो जाएगी की नोएडा में गुलाब नहीं उगाए जा सकते। प्रदर्शनी देखने आए लोगों के लिए खाद, पौध, गमले, गार्डनिंग के टूल्स इत्यादि के स्टॉल्स भी उपलब्ध रहेंगे । इनकी खरीदारी से आप अपने गार्डन को और निखार सकते हैं। 

यह प्रदर्शनी आम जानता के लिए शनिवार ६ दिसम्बर प्रातः ११ से सायं ६ बजे तक और रविवार ७ दिसम्बर प्रातः ९ बजे से सायं ६ बजे तक खुली रहेगी। 

गत वर्षों में इस प्रदर्शनी ने बागवानी के दिग्गजों के साथ साथ आम जनता को भी प्रभावित और आकर्षित किया है। प्रदर्शनी और प्रतियोगिताओं के साथ साथ गार्डन में प्रयोग होने वाली वस्तुओं की खरीदारी , आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र रहती है। वातावरण को साफ़ बनाने में और जनता में हरियाली के प्रति प्रेम जगाने के लिए फ्लोरिकल्चर सोसाइटी नोएडा प्रतिबद्ध है और इस प्रकार के आयोजन इस दिशा में उठाये हुए कदमों में से एक है। 

निःशुल्क प्रवेश और फोटो खींचने के लिए रंग बिरंगे फूलों की परफेक्ट बैकग्राउंड ! 
फ्लोरिकल्चर सोसाइटी नोएडा आप सब को परिवार और मित्रों के साथ आमंत्रित करती है फूलों के इस वार्षिक उत्सव में। आइए, नेत्रों और रूह का सुकून पाइए!