खेलने के लिए नही मिला मोबाइल, गंगा मे लगा दी छलांग

खेलने के लिए नही मिला मोबाइल, गंगा मे लगा दी छलांग

गाजीपुर   सैदपुर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को नगर स्थित रामकरन सेतु से कक्षा नौ में पढ़ने वाले एक छात्र ने गंगा में छलांग लगा दी। लोगों के शोर मचाने पर घाट पर उपस्थित नाविकों ने उसे बचा लिया। उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। काफी ऊंचाई से कूदने के कारण किशोर का दाहिना हाथ टूट गया है। गेम खेलने के लिए मोबाइल न मिलने से नाराज किशोर ने आत्महत्या का प्रयास किया। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे परिजनों को सुपुर्द कर दिया।जौनपुर जनपद के चंदवक थाना क्षेत्र स्थित रेहारी पतरही गांव निवासी सीमांग चौबे (14) कक्षा नौ का छात्र है। वह इन दिन मोबाइल में गेम खेलने का आदी बन गया था। परिजन उसे ऐसा करने से मना करते थे। इस वजह से परिजनों द्वारा उसे मोबाइल नहीं दिया गया। इससे नाराज किशोर नगर स्थित रामकरन सेतु पर पहुंचा और इधर-उधर देखने के बाद गंगा में छलांग लगा दी।

यह देख राहगीर एवं तट के किनारे रहने वाले लोग शोर मचाने लगे। आवाज सुनकर नाविक किशोर को बचाने के लिए नाव लेकर चल पड़े। कड़ी मशक्कत के बाद नाविकों ने सुरक्षित किशोर को पानी से बाहर निकाला और उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। इस घटना में उसका दाहिना हाथ टूट गया है।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने किशोर से पूछताछ करने के बाद परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिवार के लोग भी सीएचसी पहुंच गए। इस संबंध में सैदपुर कोतवाल शिव प्रताप वर्मा ने बताया की पूछताछ के बाद किशोर और उनके परिजनों को घर भेज दिया गया है। किशोर का जान बचाने वाले नाविकों को सम्मानित किया जाएगा।