बृजेश सिंह पर हमलावर हुए बसपा सांसद अफजाल अंसारी

गाजीपुर। बसपा सांसद अफजाल अंसारी ने पूर्व एमएलसी बृजेश सिंह पर निशाना साधा है। कहा कि जो 25 साल कानून से भागता रहा। उसके साथ आज सत्ता की ताकत खड़ी है। माफियाओं की लिस्ट में बृजेश सिंह का नाम है, लेकिन उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी।
अफजाल अंसारी सोमवार को कोर्ट में पेश होने आए थे। वर्ष 2001 में मुहम्मदाबाद तहसील में प्रदर्शन के दौरान तोड़फोड़ के मामले में उनकी पेशी थी। मामले में 12 दिसंबर को कोर्ट ने अगली तारीख नियत की है। मीडिया के सवालों पर सांसद अफजाल ने कहा कि यदि लोकतंत्र की व्यवस्था स्थापित है तो मैनपुरी, रामपुर, खतौली में बीजेपी हारेगी। ये दावा भी किया कि 2024 लोकसभा में मोदी सरकार नहीं आने वाली है। यूपी में 80 सीटें जीतने के बाद भी बीजेपी की कुल 200 सीटें नहीं आएंगी। इस दौरान प्रधानमंत्री की शिक्षा को लेकर भी उनके बोल बिगड़ गए। भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि ये घमंड में चूर, नकारा और धोखा देने वाले लोग हैं। सुप्रीम कोर्ट ने भी कहा है कि 24 घंटे में आननफानन ईसी नियुक्त किया जा रहा। बीजेपी ऐसा वटवृक्ष है जिसके नीचे कोई फसल नही उग सकती।