पढ़ाई को लेकर था चिंतित, झुल गया फंदे पर
गाजीपुर। शहर कोतवाली के फुल्लनपुर-हुसैनपुर निवासी एक युवक का शव मंगलवार की सुबह कमरे में लटका मिला। परिजनों ने आत्महत्या की आशंका जाहिर की है। परिजनों ने सुबह में जब कमरे का दरवाजा बंद देखा तो तोड़कर सतीश कुमार बिंद (20) के शव को बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।पुलिस का कहना है कि परिजनों के मुताबिक युवक पढाई-लिखाई को लेकर तनाव में था। संभवत: उसने इस की वजह से ऐसा कदम उठाया होगा।मालूम हो कि सतीश बिंद पुत्र महेंद्र बिंद अपने नाना-नानी के यहां रहकर पढ़ाई करता था। सोमवार की रात वह खाना खाकर कमरे में सोने गया। अंदर से दरवाजा बंद कर सो रहा था।मंगलवार की सुबह परिजनों ने जब दरवाजा खुलवाया तो नहीं खुला। इसके बाद दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया गया तो उसका शव फंदे से लटकता मिला। शहर कोतवाल तेजबहादुर सिंह ने बताया कि युवक के आत्महत्या की सूचना मिली थी। पंचनामा कर शव को परिजनों को सौंप दिया गया है।


