मालगाड़ी के आगे कूदकर अधेड़ ने दे दी जान

सेवराई। गहमर कोतवाली क्षेत्र के भदौरा रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार को मालगाड़ी के आगे कूदकर एक 50 वर्षीय व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली। वह लंबे समय से मानसिक रूप से बीमार चल रहा था। जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रेवतीपुर थाना क्षेत्र के नवली गांव निवासी अनिल कुमार पांडेय (50) सुबह रेलवे ट्रैक के आसपास घूम रहे थे। ग्रामीणों ने कई बार ट्रैक से दूर रहने के लिए कहा, लेकिन वह बातों को अनसुना करते हुए रेलवे स्टेशन की तरफ जाने लगे। रेलवे क्रॉसिंग पार कर वह प्लेटफार्म के पास पहुंचे और डाउन लाइन से गुजर रही मालगाड़ी के सामने कूद गए। घटना के बाद ग्रामीणों की भारी लग गई। परिवार के लोग भी घटना स्थल पर पहुंच गए। गांव निवासी पट्टीदार श्रवण पांडेय ने बताया कि अनिल पांडेय की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। उनका दिलदारनगर के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। सुबह वह टहलने के लिए घर से निकले थे। दिलदारनगर जीआरपी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।