दवाइयों की बढ़ती कीमतों पर लगाम लगाने की मांग, नोएडा पंजाबी एकता समिति ने स्वास्थ्य मंत्री से की अपील

दवाइयों की बढ़ती कीमतों पर लगाम लगाने की मांग, नोएडा पंजाबी एकता समिति ने स्वास्थ्य मंत्री से की अपील

नोएडा। देश में लगातार महंगी होती स्वास्थ्य सेवाओं और जीवन रक्षक दवाइयों की बढ़ती कीमतों को लेकर नोएडा पंजाबी एकता समिति ने गहरी चिंता व्यक्त की है। समिति ने देश के स्वास्थ्य मंत्री से एक पुरजोर अपील करते हुए इस मामले में तुरंत दखल देने की मांग की है।
समिति के महासचिव नरेंद्र चोपड़ा का कहना है कि स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में कार्यरत कई कंपनियां पिछले कुछ वर्षों से मनमाने ढंग से दवाइयों के दाम बढ़ा रही हैं। कंपनियां व्यावसायिक लाभ कमाने के उद्देश्य से कीमतों में अत्यधिक वृद्धि कर रही हैं, जिसके कारण समाज के मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों के लिए बीमार होने पर अपना इलाज कराना बेहद मुश्किल और दुर्लभ होता जा रहा है।

दवा और चिकित्सा उपकरणों की लागत सीमा तय करने की मांग
नोएडा पंजाबी एकता समिति परिवार ने केंद्र सरकार और स्वास्थ्य मंत्री से इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान निकालने का आग्रह किया है। समिति ने मांग की है कि:
• सभी आवश्यक दवाइयों की कीमतों (MRP) पर एक अधिकतम सीमा (Price Cap) तय की जाए।
• इलाज में इस्तेमाल होने वाले सभी चिकित्सा उपकरणों (Medical Equipment) की लागत और बिक्री मूल्य की भी सीमा निर्धारित की जा रही कंपनियों पर सख्त निगरानी रखी जाए।
समिति का मानना है कि यदि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं और दवाइयों के खर्च की एक सीमा तय कर देती है, तो इससे देश के गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को बहुत बड़ी राहत मिलेगी और वे बिना किसी आर्थिक तंगी के अपना इलाज करा सकेंगे।