सरदारनी बीबी सुरजीत कौर की 30वीं पुण्य स्मृति दिवस पर कराया किडावली गुरुद्वारा साहिब का जीर्णोद्धार एवं लंगर सेवा
नोएडा। अपनी पूजनीय माता स्वर्गीय सरदारनी बीबी सुरजीत कौर की 30वीं पुण्य स्मृति के अवसर पर हरजीत सिंह साहनी द्वारा श्रद्धा एवं सेवाभाव के साथ स्मृति दिवस मनाया गया। इस अवसर पर सेवा, सिमरन और मानवता के कल्याण को समर्पित धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर हरजीत सिंह साहनी अपने एचपीएस फार्म हाउस से यमुना पार स्थित जिला फरीदाबाद के गांव किडावली पहुंचे, जहां गुरुद्वारा साहिब के जीर्णोद्धार का कार्य कराया गया तथा संगत के लिए लंगर की सेवा आयोजित की गई।
इस सेवा कार्य में नोएडा पंजाबी समाज एवं सरबत दा भला के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सभी सदस्यों ने संकल्प लिया कि गुरुद्वारा साहिब की देखरेख, रखरखाव एवं आवश्यक सेवाओं के लिए जो भी जरूरत होगी, उसकी पूर्ति टीम द्वारा प्रतिमाह की जाएगी।
कार्यक्रम में लगभग 150 श्रद्धालुओं ने अरदास में शामिल होकर स्वर्गीय बीबी सुरजीत कौर की आत्मिक शांति के लिए वाहेगुरु जी के चरणों में प्रार्थना की। संगत ने सेवा, परोपकार एवं जरूरतमंदों की सहायता के मार्ग पर चलने का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर हरजीत सिंह साहनी ने अपनी माताजी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि अपने बुजुर्गों की स्मृति को जीवित रखने का सबसे अच्छा माध्यम उनके दिए संस्कारों को अपनाना और समाज की सेवा करना है।
कार्यक्रम का समापन अरदास एवं गुरु का लंगर के साथ हुआ। उपस्थित सदस्यों ने गुरुद्वारा साहिब की नियमित सेवा और देखरेख के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।


