गांधी-शास्त्री जयंती पर बी.एस. मेमोरियल स्कूल में सपा नेताओं ने बच्चों को बांटे पुरस्कार

गांधी-शास्त्री जयंती पर बी.एस. मेमोरियल स्कूल में सपा नेताओं ने बच्चों को बांटे पुरस्कार

नोएडा: महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर बी.एस. मेमोरियल स्कूल में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। 

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष दीपक विग, युवजन सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अतुल यादव एवं उत्तर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अधिवक्ता गौरव सिंघल उपस्थित रहे। 
कार्यक्रम की शुरुआत सभी अतिथियों और स्कूल के संरक्षक राजेश अंबावत द्वारा दीप प्रज्वलन और बापू व शास्त्री जी के चित्रों पर माल्यार्पण के साथ हुई।

स्कूल संरक्षक राजेश अंबावत के कुशल संयोजन में स्कूल के छात्र-छात्राओं के लिए एक विशेष और रचनात्मक 'फर्स्ट ऐड बॉक्स प्रतियोगिता' का आयोजन किया गया, प्रतियोगिता में बच्चों ने अत्यंत उत्साह के साथ भाग लिया और अपनी रचनात्मकता का परिचय देते हुए बेहद सुंदर फर्स्ट ऐड बॉक्स तैयार किए। बच्चों ने इन बॉक्सों में प्राथमिक चिकित्सा के लिए जरूरी जीवन रक्षक सामग्रियां जैसे बैंडेज, एंटीसेप्टिक लिक्विड, कॉटन आदि को व्यवस्थित ढंग से सजाया और उनके महत्व को समझाया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथियों द्वारा प्रतियोगिता के विजेता एवं मेधावी बच्चों को पुरस्कार, स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र वितरित किए गए। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे और नेताओं ने उनका हौसला बढ़ाया।

सपा पूर्व महानगर अध्यक्ष दीपक विग ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और सेवा के विचार आज के इस आधुनिक युग में और भी अधिक प्रासंगिक हैं। बापू ने हमेशा नि:स्वार्थ मानव सेवा को सर्वोपरि माना ओर उनके तीन विचार सबको मानने चाहिए क्षमा, अहिंसा ओर पहले स्वयं में वों बदलाव जो आप दुसरो में देखना चाहते हैं,और आज बच्चों ने इस रचनात्मक प्रतियोगिता के माध्यम से मानवता की रक्षा का ही संदेश दिया है। बच्चों में बचपन से ही ऐसे जीवन रक्षक संस्कार डालना राजेश अंबावत और स्कूल प्रबंधन का एक बेहद अद्भुत और सराहनीय कदम है।

बी.एस. मेमोरियल स्कूल संरक्षक राजेश अंबावत ने कहा कि हमारा उद्देश्य बच्चों को केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि उन्हें गांधी जी और शास्त्री जी जैसे महान नायकों के उच्च आदर्शों और संस्कारों से परिचित कराना भी है। आज बच्चों द्वारा फर्स्ट ऐड बॉक्स प्रतियोगिता में दिखाई गई रुचि यह साबित करती है कि हमारी नई पीढ़ी न सिर्फ जागरूक है बल्कि आपातकालीन स्थितियों में दूसरों की मदद करने के लिए भी तैयार हो रही है। यही बच्चे कल के सशक्त भारत का निर्माण करेंगे।"

सपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य  अधिवक्ता गौरव सिंघल ने कहा कि बापू ने हमें सिखाया था कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की सेवा ही सच्ची राष्ट्र सेवा है। संकट के समय किसी की जान बचाना या प्राथमिक उपचार देना सबसे बड़ा पुण्य है और बच्चों ने आज इसे बहुत ही खूबसूरती से प्रस्तुत किया है। इसके साथ ही, आज के दिन हमें देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी के विराट योगदान को कभी नहीं भूलना चाहिए। उनकी अद्भुत सादगी, ईमानदारी और 'जय जवान, जय किसान' का ऐतिहासिक नारा आज भी हमारे देश के जयघोष का आधार है।

शास्त्री जी ने विपरीत परिस्थितियों में भी देश को जो स्वाभिमान और दृढ़ नेतृत्व दिया, वह हम सभी के लिए अनुकरणीय है। हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में हम सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा के साथ जनता के हक, किसानों के सम्मान और जनसेवा के लिए तत्पर रहते हैं। आने वाली पीढ़ी को इन दोनों महान विभूतियों के सेवा कार्यों के लिए प्रेरित करना, उन्हें पुरस्कृत करना और उनके भीतर समाजवाद, गांधीवादी सोच व शास्त्री जी की ईमानदारी को मजबूत करना हम सभी का परम कर्तव्य है।
इस मौके पर स्कूल का समस्त स्टाफ, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक और भारी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता व स्थानीय लोग उपस्थित रहे।