विशाल कार-बाइक रैली निकालकर रजिस्ट्री और घरों की मांग को सरकार के सामने रखा
ग्रेटर नोएडा। रजिस्ट्री और घरों की मांग को लेकर लंबे समय से प्रदर्शन कर रहे घर ख़रीदार कार-बाइक रैली निकालकर अपनी मांगों को सरकार के सामने रखेंगे। सरकार के तमाम वादों और दावों के बावजूद लाखों लोगों को आज भी अपने अशियाने और उसकी रजिस्ट्री का इंतजार है। 15 दिसंबर को घर ख़रीदारों ने विशाल कार-बाइक रैली निकालने का फैसला किया है।

नेफोवा अध्यक्ष अभिषेक कुमार का कहना है कि इस बार कार-बाइक रैली में सिर्फ़ ग्रेटर नोएडा वेस्ट के घर ख़रीदार शामिल नहीं होंगे। इस बार इस रैली में ग्रेटर नोएडा वेस्ट के साथ ही नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे के परेशान घर ख़रीदार भी शामिल होंगे। उनका कहना है कि जंतर-मंतर पर धरना दे चुके हैं लेकिन अगर मांगें नहीं मानी गई तो कार-बाइक रैली के बाद एक बार फिर जंतर-मंतर पर घर ख़रीदार जुट सकते हैं।
आंदोलन में अहम भूमिका निभा रहे मिहिर गौतम ने कहा है कि सरकार ने भरोसा दिया था कि जल्द सभी घरों की रजिस्ट्री करवा दी जाएगी। लेकिन अभी तक बहुत ही कम घरों की रजिस्ट्री हुई है। इसलिए आंदोलन फिर शुरु हो रहा है।
साथ ही यमुना प्राधिकरण तथा नोएडा, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एग्रीमेंट टू लीज के फैसला भी तुग़लकी फरमान हैl जहां एक तरफ घर कब मिलेगा इसकी कोई गारंटी नहीं रहती है और उससे पहले ही फ्लैट के मूल्य का कुल स्टैंप शुल्क जमा करवा देना कहां तक न्यायोचित है। इससे बेहतर यह होता कि पूरे फ्लैट मूल्य के बजाय 5% रकम के ही वैल्यू पर एग्रीमेंट टू लीज कर दिया जाता तो ज्यादा बेहतर होता।
15 दिसंबर को कार-बाइक रैली में हज़ारों घर ख़रीदारों के शामिल होने की उम्मीद है। इसके लिए रजिस्ट्री आंदोलन से जुड़ी टीम अलग-अलग सोसायटियों में जनसंपर्क अभियान चला रही है। ये कार बाइक रैली नेफोवा कार्यालय से निकलकर नोएडा स्टेडियम तक जाएगी।


