ट्रांसजेंडर समुदाय को मिले बराबरी का दर्जा : विष्णु मित्तल

ट्रांसजेंडर समुदाय को मिले बराबरी का दर्जा : विष्णु मित्तल

भारतीय जनता पार्टी दिल्ली प्रदेश के महासचिव और 'आओ साथ चलें' के संयोजक श्री विष्णु मित्तल जी ने एक अनूठी पहल करते हुए समाज में उपेक्षा का व्यवहार सहने वाले ट्रांसजेंडर समुदाय के साथ आज सरस्वती एजुकेशनल सोसाइटी के कार्यालय में मुलाक़ात की। यह संस्था पिछले कई वर्षों से इस समुदाय के साथ कार्य कर रही है, इसलिए मित्तल जी आज रक्षाबंधन के पावन पर्व के उपलक्ष्य में इस समुदाय से मिलने आए। समाज में ट्रांसजेंडर के मुद्दों को लेकर आज भी संवेदनशीलता का अभाव है और उनकी समस्याओं से लोग अपरिचित हैं।

आज मित्तल जी ने विस्तारपूर्वक सभी से हर मुद्दे पर चर्चा की, साथ ही उपस्थित बहनों से राखी बंधवाकर एक अनूठी मिसाल पेश की। उन्होंने कहा कि ट्रांसजेंडर बहनें भी हमारी तरह ही हैं और उनके साथ भेदभाव अनुचित और अमानवीय है। हमें आगे बढ़कर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना चाहिए। प्रधानमंत्री जी ने भी स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से ट्रांसजेंडर समुदाय के हक़ के लिए कार्य करने पर सरकार के फोकस की बात कही है। इसलिए हमारा कर्तव्य है कि हम सब मिलकर उनके उत्थान के लिए कार्य करें और उनके प्रति भेदभाव का दृष्टिकोण न रखें।

इस मौके पर मित्तल ने सभी बहनों को गिफ्ट्स और शगुन भी दिया और सदैव उनके लिए उपलब्ध रहने का वादा किया। संस्था अध्यक्ष अमित मिश्रा ने बताया कि जब ट्रांसजेंडर बहनों को पता चला कि मित्तल जी उनसे मिलने आ रहे हैं, तो उन्होंने मिलकर निश्चय किया कि वे बाजार से राखी खरीदकर नहीं बांधेंगी, बल्कि खुद अपने हाथों से राखी बनाएंगी और उन्हें बांधेंगी। आज पूरे समुदाय में खुशी की लहर थी क्योंकि उन्हें ऐसा महसूस हो रहा था कि उनके सिर पर भी आज एक हाथ है, जो उनके अधिकारों और सम्मान के लिए हमेशा उनके साथ है। इसी विश्वास के साथ समुदाय ने खुलकर मित्तल जी से अपने हर मुद्दे पर चर्चा की।