संयुक्त किसान मोर्चा ने किया 21 किसानों को सम्मानित

संयुक्त किसान मोर्चा ने किया 21 किसानों को सम्मानित

तमिलनाडु के मन्नारगुड्डी में संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) के दक्षिण भारत के संगठनों की बैठक हुई जिसमें कई महत्वपूर्ण फैंसले लिए गए एवम उन सभी 21 किसानों को सम्मानित किया गया जिन्हें 10 सालों तक ओएनजीसी द्वारा झूठे मुकदमे में फंसाकर परेशान किया गया। इस दौरे के पहले चरण में कर्नाटक के कुलबर्गी में किसान सम्मेलन आयोजित किया गया जिसमें कर्नाटक के 22 से अधिक जिलों के किसानों ने भाग लिया एवम MSP गारंटी कानून के मुद्दे पर देशव्यापी आंदोलन को मजबूत करने का संकल्प लिया गया।

मुख्य तौर पर किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल, क़ुर्बुरु शांताकुमार, पी. आर. पांड्यंन, रामा गौंडर, ऐ. एस बाबु, अभिमन्यु कोहाड़, देवराज, नागराज समेत अनेक नेता उपस्थित रहे। किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने कहा कि देशभर में कॉर्पोरेट और राजनीतिक गठजोड़ मजबूत होता जा रहा है जिस से किसान हितों को नुक्सान हो रहा है। उन्होंने कहा कि किसान नेता पी. आर. पांड्यंन को झूठे मुकदमे में फंसाकर मनगढ़ंत तथ्यों के आधार पर 13 साल की सजा दी गयी लेकिन किसानों के विरोध-प्रदर्शन एवम मुकदमे के सही तथ्यों को देखते हुए माननीय हाइकोर्ट ने उनकी सजा पर रोक लगा दी एवम तुरन्त प्रभाव से जमानत दे दी।

किसान नेताओं ने कहा कि कावेरी डेल्टा क्षेत्र में हाइड्रोकार्बन की ड्रिलिंग एवम खुदाई पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए, इस क्षेत्र को पूर्व की सरकारें संरक्षित कृषि भूमि घोषित कर चुकी हैं लेकिन उसके बावजूद कावेरी डेल्टा क्षेत्र में ड्रिलिंग एवम खुदाई कार्य किया जा रहा है जिस से किसानों एवम पर्यावरण को नुक्सान हो रहा है।

किसान नेताओं ने कहा कि 2021 में तमिलनाडु में कावेरी डेल्टा क्षेत्र पर अनुसंधान करने के लिए सुल्तान अहमद इस्माइल के नेतृत्व में राज्य सरकार ने एक कमेटी बनाई थी लेकिन अब तक उस कमेटी की रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं करी गयी है। किसान नेताओं ने बताया कि 8 जनवरी को नई दिल्ली में संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) की राष्ट्रीय स्तर की बैठक का आयोजन कर के आगामी देशव्यापी कार्यक्रमों का ऐलान किया जाएगा।