अंतिम गेंद पर एक विकेट से जीती खुर्राट-11, कैप्टन शशिकांत मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट की बनी चैंपियन

अंतिम गेंद पर एक विकेट से जीती खुर्राट-11, कैप्टन शशिकांत मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट की बनी चैंपियन

नोएडा स्टेडियम में आयोजित 26वें कैप्टन शशिकांत मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में खुर्राट-11 ने रोमांचक जीत दर्ज करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। गुरुवार को खेले गए फाइनल में खुर्राट-11 ने पायनियर क्रिकेट क्लब को अंतिम गेंद पर एक विकेट से हराया। टूर्नामेंट का आयोजन डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन गौतमबुद्धनगर, नोएडा स्पोर्ट्स ट्रस्ट, मानव सेवा समिति और एनपीडीए के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए पायनियर क्रिकेट क्लब ने निर्धारित पारी में पांच विकेट के नुकसान पर 178 रन बनाए। टीम की ओर से भास्कर भारद्वाज ने 59 रन और संदीप ने 41 रन की उपयोगी पारियां खेलीं। खुर्राट-11 की ओर से अमित नागर और अंकित नागर ने दो-दो विकेट हासिल किए।लक्ष्य का पीछा करने उतरी खुर्राट-11 की टीम ने आखिरी गेंद तक चले रोमांचक मुकाबले में एक विकेट शेष रहते जीत हासिल कर ली। टीम की ओर से मिहुल चौधरी ने 54 रन और मनीष ने 44 रन बनाकर जीत में अहम योगदान दिया। शानदार प्रदर्शन के दम पर खुर्राट-11 ने टूर्नामेंट की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया, जबकि पायनियर क्रिकेट क्लब को उपविजेता से संतोष करना पड़ा।

मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और टूर्नामेंट से जुड़े लोगों को सम्मानित किया गया। मैदान की शानदार देखरेख के लिए क्यूरेटर अनवर अली की सराहना की गई। खुर्राट-11 के अंश को श्रेष्ठ बल्लेबाज और एस्टर क्रिकेट क्लब के स्पर्श जैन को श्रेष्ठ गेंदबाज चुना गया। दोनों को पांच-पांच हजार रुपये और ट्रॉफी प्रदान की गई।

खुर्राट-11 के अमित नागर को टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी यानी मैन ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। उन्हें 11 हजार रुपये और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। वहीं, टूर्नामेंट में सर्वाधिक 15 छक्के लगाने वाले मनीष को 2,100 रुपये और ट्रॉफी प्रदान की गई। उपविजेता पायनियर क्रिकेट क्लब को 25 हजार रुपये और ट्रॉफी, जबकि विजेता खुर्राट-11 को 50 हजार रुपये और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

पुरस्कार वितरण समारोह की अध्यक्षता करते हुए नोएडा प्राधिकरण के पूर्व मुख्य कार्यपालक अधिकारी देवदत्त शर्मा ने पिछले 26 वर्षों से टूर्नामेंट के आयोजन के लिए आयोजन समिति के सदस्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह टूर्नामेंट देश के लिए शहीद हुए सैनिक को समर्पित है और इस तरह का आयोजन अपने आप में विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि ऐसे वीर पुत्र को जन्म देने वाले माता-पिता धन्य हैं, जिन्होंने देश की सीमा की रक्षा करते हुए हंसते-हंसते अपने प्राण न्योछावर कर दिए।
विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद नोएडा जोन के एसीपी मयंक तिवारी और नोएडा प्राधिकरण के जीएम एके अरोड़ा ने भी टूर्नामेंट की सराहना की। उन्होंने इसे पावन यज्ञ के समान बताते हुए शहीद कैप्टन शशिकांत शर्मा की स्मृति को जीवंत रखने के प्रयासों की प्रशंसा की।

कार्यक्रम में कैप्टन शशिकांत शर्मा के पिता फ्लाइट लेफ्टिनेंट जेपी शर्मा, माता सुदेश शर्मा, उनके भाई डॉ. नरेश शर्मा और डॉ. संगीता शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इनके अलावा भूलेराम शर्मा, नोएडा प्राधिकरण के पूर्व अधिकारी हरिदत्त शर्मा, पूर्व एक्साइज कमिश्नर कुलदीप सिंह यादव, आरके गोयल और आयोजन मंडल के सदस्य भी मौजूद रहे। समारोह का संचालन डॉ. अशोक श्रीवास्तव ने किया। मुकाबले में डीडीसीए के रविंद्र चौधरी और संतराम ने अंपायरिंग की, जबकि वेद चौधरी ने स्कोरिंग की जिम्मेदारी निभाई।