गैस संचालक के घर को चोरों ने खंगाला
गाजीपुर : गैस एजेंसी संचालक राजीव चतुर्वेदी शहर कोतवाली क्षेत्र के चंद्रा कालोनी में स्थित मकान में परिवार के साथ रहते है। रात में उनके कर्मचारी भी सोने के लिए मकान में आते है। रामनवमी पर्व पर राजीव चतुर्वेदी परिवार के साथ अपने गांव ढढनी चले गए। रोज की तरह रविवार की रात करीब 10 बजे दो तीन कर्मचारी सोने के लिए पहुंचे। मेन गेट का दरवाजा खोलकर अंदर गए तो देखा कि सभी कमरों के दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। कमरा में रखा आलमारी खुला और इधर-उधर सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी एजेंसी संचालक को दी। रात में ही राजीव चतुर्वेदी मकान में पहुंचे। उन्होंने सामानों की जांच-पड़ताल किया तो पता चला कि 7 हजार नकदी के साथ ही करीब 3 लाख के सोने-चांदी के जेवरात गायब थे। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित से जानकारी लेते हुए जांच-पड़ताल किया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस चोरों की तलाश में जुट गई।