हरिद्वार में आयोजित हुआ अखिल भारत हिन्दू महासभा का 61वां राष्ट्रीय अधिवेशन

हरिद्वार में आयोजित हुआ अखिल भारत हिन्दू महासभा का 61वां राष्ट्रीय अधिवेशन

हरिद्वार।PNI News। अखिल भारत हिन्दू महासभा का 61वां राष्ट्रीय अधिवेशन राष्ट्रीय अध्यक्ष मुन्ना कुमार शर्मा की अध्यक्षता में उत्तराखंड की पावन भूमि हरिद्वार में आयोजित किया गया। देश के कई प्रदेशों से सैकड़ों प्रतिनिधि व हिन्दू महासभा पदाधिकारी अधिवेशन में सम्मिलित हुए। अधिवेशन के अवसर पर राष्ट्रीय महासमिति की बैठक में सर्वसम्मति से नोएडा निवासी मुन्ना कुमार शर्मा को अगले कार्यकाल के लिए पुनः राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित किया गया है। वे अगले तीन वर्षों तक महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहेंगें। उन्हें सर्वसम्मति से राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति के गठन के लिए भी अधिकृत किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित होने के उपरांत विभिन्न प्रदेशों के प्रतिनिधियों ने फूलमाला और शाल ओढ़ाकर उनको सम्मानित किया। कई प्रदेशों की ओर से उन्हें तलवार और त्रिशूल भेंट किया गया।

अखिल भारत हिन्दू महासभा के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष मुन्ना कुमार शर्मा ने सैकड़ों उपस्थित प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि हम अगले पांच वर्षों में पूर्ण रूप से और संवैधानिक रूप से भारत को अखंड हिन्दू राष्ट्र बनायेंगे। हमें अपने पूर्व अध्यक्षों वीर सावरकर, भाई परमानंद, महामना मदनमोहन मालवीय, स्वामी श्रद्धानंद, लाला लाजपत राय, डॉ. वीएस मुंजे, महंत दिग्विजय नाथ आदि के सपनों को पूरा करते हुए हिन्दुस्थान में पुनः हिन्दू राज्य स्थापित करना है और हिन्दू, हिंदी, हिन्दुस्थान का विकास करना है। हिन्दू महासभा के महान नेताओं के सपने को पूरा करने के लिए सभी कार्यकर्ता अपना सर्वस्व न्योछावर करने के लिए तैयार रहें। केवल भारत ही नहीं, बल्कि सम्पूर्ण विश्व के हिंदुओं के सम्मान की रक्षा की जिम्मेदारी हिन्दू महासभा पर है।समस्त हिन्दू नारियों के सम्मान की रक्षा की जिम्मेदारी हमलोगों पर है। हमें किसी भी कीमत पर इस जिम्मेदारी को पूरा करना है।हमें हिंदुओं के धर्मांतरण को रोकना है। ईसाई मिशनरियां और इस्लामिक कट्टरपंथी ताकतें हिंदुओं के धर्मांतरण में तेजी से लगी हैं। हमें इस पर विराम लगाना है। लव जेहाद और धर्मांतरण के द्वारा भारत को इस्लाममय बनाने की साजिश रची जा रही है।हमें इसे किसी भी कीमत पर रोकना होगा।

मुन्ना कुमार शर्मा ने कहा कि देश में समान नागरिक संहिता, मजबूत जनसंख्या नियंत्रण कानून, गौ हत्या को पूर्ण रूप से रोकने के लिए केंद्रीय स्तर पर मजबूत कानून बनाने,गौमाता को राष्ट्रीय पशु घोषित करने व गौहत्या करने वालों को फांसी की सजा देने का कानून बनाने के लिए हिन्दू महासभा शीघ्र ही पूरे देश में राष्ट्रीय जनजागरण अभियान चलायेगी और देश की जनता को जागरूक करेगी।उन्होंने कहा कि देश में दो तरह का कानून नहीं चलेगा। देश में एक कानून लागू करना होगा। सरकारें लव जेहादियों और गौहत्यारों को कड़ी सजा दे। मंच संचालन राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री वीरेश त्यागी ने किया। स्वागत समिति के अध्यक्ष स्वामी सहजानंद महाराज, स्वागत समिति के उपाध्यक्ष उमेश त्यागी एवं स्वागत समिति के महामंत्री संजीव राणा ने नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष मुन्ना कुमार शर्मा का सम्मान किया।