यातायात नियमों के प्रति जागरूकता के लिए चलाया जा रहा है विशेष अभियान - डॉ संगीता सिंह

यातायात नियमों के प्रति जागरूकता के लिए चलाया जा रहा है विशेष अभियान - डॉ संगीता सिंह

ग्रेटर नोएडा। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा वर्ष-2026 के तहत जिले में पूरे जनवरी माह विशेष अभियान चलाया गया है। इसी अभियान के अंतर्गत 21/01/2026 दिन बुधवार को सेंट ज़ेवियर्स हाई स्कूल ग्रेटर नोएडा वेस्ट के विद्यालय के सभी विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा को लेकर आयोजित कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना था।

इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विशेष सभा का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने पोस्टर, नारे और भाषण के माध्यम से सड़क सुरक्षा के महत्व को उजागर किया। विद्यार्थियों ने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, ज़ेब्रा क्रॉसिंग का प्रयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्या की उपस्थिति में स्कूल बस चालक द्वारा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की शपथ ली गई। उन्होंने सुरक्षित वाहन संचालन, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।

प्रधानाचार्या ने अपने संबोधन में कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियम नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी है, जिसे सभी को ईमानदारी से निभाना चाहिए। कार्यक्रम का समापन सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहने की अपील के साथ किया गया। इस आयोजन से विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ी और समाज में सकारात्मक संदेश गया।