गैस सिलेंडर के दामों में वृद्धि और गैस की किल्लत के विरोध में आप ने किया विरोध प्रदर्शन
गौतम बुद्ध नगर: देश में लगातार बढ़ती महंगाई, एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि और गैस सिलेंडर की बेहद किल्लत के चलते आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता व राज्यसभा सांसद संजय सिंह के आवाह्न पर केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के विरोध में आम आदमी पार्टी, उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को प्रदेश के विभिन्न जिलों में जिला कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया और महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। पार्टी कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण आज देश की आम जनता न केवल महंगाई और आर्थिक संकट से जूझ रही है, बल्कि गैस सिलेंडरों की भारी किल्लत के चलते एक बार फिर लाइनों में लगने को मजबूर हो गई।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष परशुराम चौधरी ने कहा कि हाल ही में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में ₹60 तथा कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में ₹120 की वृद्धि ने आम जनता और छोटे व्यापारियों की मुश्किलों को और बढ़ा दिया है। होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड से जुड़े लाखों छोटे कारोबारियों के सामने आज गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। देश के कई हिस्सों से होटल और छोटे व्यवसायों के बंद होने की खबरें सामने आ रही हैं, जो सरकार की नीतियों की विफलता को उजागर करती हैं।
जिलाध्यक्ष परशुराम चौधरी ने कहा कि देश में उपयोग होने वाली लगभग 60 प्रतिशत एलपीजी विदेशों से आयात की जाती है, जिसका बड़ा हिस्सा स्ट्रेट ऑफ हार्मुज़ के रास्ते भारत पहुंचता है। अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों में ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का असर ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ रहा है, लेकिन केंद्र सरकार ने इस गंभीर स्थिति से निपटने के लिए कोई ठोस रणनीति नहीं बनाई है। आम आदमी पार्टी का आरोप है कि अमेरिका के दबाव में रूस से सस्ता तेल खरीदने में कमी करने के कारण देश को लगभग 8 लाख करोड़ रुपये का वार्षिक आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, जिसका सीधा असर देश की जनता पर महंगाई के रूप में पड़ रहा है।
जिलाध्यक्ष परशुराम चौधरी ने यह भी आरोप लगाया कि गैस और ऊर्जा क्षेत्र में कुछ निजी कंपनियों को लाभ पहुंचाने वाली नीतियों के कारण गैस की कीमतों में कई जगहों पर कई गुना वृद्धि देखने को मिल रही है। इससे आम नागरिकों के साथ-साथ छोटे और मध्यम स्तर के उद्योगों पर भी गंभीर आर्थिक दबाव पड़ रहा है और बेरोजगारी की स्थिति तेजी से बढ़ रही है।
महासचिव विवेक शर्मा एडवोकेट ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों में हजारों छोटे व्यवसाय प्रभावित हो रहे हैं और उद्योग बंद होने की स्थिति पैदा हो रही है। गुजरात के मोरबी जैसे औद्योगिक क्षेत्रों में सैकड़ों उद्योग बंद हो चुके हैं, जिससे लाखों लोगों के रोजगार पर संकट खड़ा हो गया है। यदि केंद्र सरकार ने समय रहते महंगाई और ऊर्जा संकट पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए तो देश की आर्थिक स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है।
पार्टी ने राष्ट्रपति के नाम दिए गए ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में की गई हालिया वृद्धि को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए, पेट्रोल और डीजल की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए पारदर्शी नीति लागू की जाए, गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को रसोई गैस पर विशेष सब्सिडी दी जाए तथा बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण के लिए केंद्र सरकार स्पष्ट और जवाबदेह नीति घोषित करे।
आम आदमी पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने बढ़ती महंगाई और गैस की कीमतों के मुद्दे पर जल्द ठोस कदम नहीं उठाए तो पार्टी देशभर में जन आंदोलन तेज करने के लिए बाध्य होगी। प्रदर्शन में प्रदेश यूथ अध्यक्ष पंकज अवाना प्रदेश किसान प्रकोष्ठ अध्यक्ष अशोक कमांडो, जिला महासचिव एडवोकेट विवेक शर्मा, ओबीसी प्रकोष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष जतन भाटी पश्चिमी प्रांत कार्यकारिणी सदस्य गौतम जी मॉनिटरिंग विंग जिला अध्यक्ष दिलदार अंसारी यूथ जिला अध्यक्ष गौरव गौतम जिला सचिव अजय भाटी जिला सचिव अजय कुमार जिला उपाध्यक्ष कपिल नगर जिला सचिव धनपाल उपाध्याय मॉनिटरिंग विंग पूर्व जिला अध्यक्ष हजीलाल पूर्व जिला प्रवक्ता राहुल सेठ कार्यकर्ता फतेह सिंह विकास और भी भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।


