सीएम योगी की मां पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले मौलाना सलीम पर रासुका लगाने मांग : अख्तर खान

सीएम योगी की मां पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले मौलाना सलीम पर रासुका लगाने मांग : अख्तर खान

नोएडा। उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ की मां के खिलाफ मौलाना सलीम द्वारा कथित रूप से “ढाई सौ ग्राम गोश्त” जैसी आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के विरोध में कड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है। 

भारतीय जनता पार्टी नोएडा महानगर के सक्रिय सदस्य अख्तर खान ने इस बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि इस तरह की तकरीर पर तत्काल रोक लगनी चाहिए और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।

अख्तर खान ने कहा कि इस प्रकार की बयानबाजी न केवल समाज में वैमनस्य फैलाने का काम करती है, बल्कि मुस्लिम समाज को भी बदनाम करने का प्रयास है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की भड़काऊ बातें करके कुछ लोग मुस्लिम युवाओं को भड़काने का काम कर रहे हैं, जो देश की सामाजिक सद्भावना के लिए ठीक नहीं है।

उन्होंने कहा कि देश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार अल्पसंख्यक समाज के विकास और कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। हाल ही में आईएएस और आईपीएस जैसी प्रतिष्ठित सेवाओं में मुस्लिम समाज के कई युवाओं का चयन हुआ है। साथ ही सरकार द्वारा अल्पसंख्यक समाज को आवास, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में भी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लाभ दिया जा रहा है।

अख्तर खान ने कहा कि इसके बावजूद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता जी के बारे में इस तरह की अमर्यादित टिप्पणी करना देश की फिजा को खराब करने जैसा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मौलाना सलीम के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए रासुका (राष्ट्रीय सुरक्षा कानून) के तहत मामला दर्ज किया जाए।
साथ ही उन्होंने सभी मुस्लिम भाइयों से अपील की कि ऐसे लोगों की भड़काऊ तकरीरों से दूर रहें और भारत की तहजीब के अनुसार हिंदू-मुस्लिम भाईचारे और आपसी सौहार्द को बनाए रखें।