बीआईटी नॉएडा में वार्षिक खेल महोत्सव ट्रायम्फ 2026 का हुआ शुभारम्भ

बीआईटी नॉएडा में वार्षिक खेल महोत्सव ट्रायम्फ 2026 का हुआ शुभारम्भ

नोएडा । बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान सेक्टर 1 नॉएडा में आज दो दिवसीय वार्षिक खेल महोत्सव “ट्रायम्फ 2026” का शुभारम्भ बड़े उत्साह और ऊर्जा के साथ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन संस्थान के निदेशक त्रिपाठी द्वारा किया गया।  अपने उद्घाटन संबोधन में प्रो. विकास त्रिपाठी ने कहा कि खेल केवल शारीरिक फिटनेस का माध्यम नहीं बल्कि टीम भावना, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का भी महत्वपूर्ण साधन हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना बनाए रखने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के प्रथम दिवस में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें क्रिकेट, टग ऑफ वॉर, खो-खो (महिला वर्ग) तथा बैडमिंटन प्रमुख रहे। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लिया और खेल मैदान में शानदार प्रदर्शन किया।

 खो खो में समृद्धि गुप्ता, टग ऑफ़ वॉर में अशिता चौधरी एवं क्रिकेट में आशुतोष कुमार की टीम ने जीत हासिल की, वहीँ  बैडमिंटन डबल्स में आस्था सिंह एवं आयुषी वर्मा और सिंगल्स में शार्वी शेखर विजेता रही।  पूरे दिन परिसर में खेल भावना, उत्साह और प्रतिस्पर्धा का माहौल देखने को मिला। आयोजन समिति के सदस्यों एवं शिक्षकों ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

ट्रायम्फ 2026 के दूसरे दिन बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, फुटबॉल, 100 मीटर दौड़ तथा रिले रेस जैसी प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएंगी, जिनका सभी प्रतिभागियों को बेसब्री से इंतजार है। खेल महोत्सव का संयोजन  संस्थान के प्राध्यापकों - शीतल धीर एवं मनोज कुमार एवं विद्यार्थियों पुलकित शांडिल्य एवं समृद्धि गुप्ता द्वारा किया जा रहा है।