खेल क्रांति की ओर एक और कदम, एक हफ्ते में शालिनी सिंह ने पहलवानों की मांगों को कराया पूरा
नोएडा। कुछ दिन पूर्व प्रो रेसलिंग लीग में एकजुट होकर पहुंचे नोएडा के पहलवानों को धन्यवाद देने के दौरान पहलवानों द्वारा रखी गई मांगों को शालिनी सिंह ने मात्र एक सप्ताह के भीतर पूरा कर उदाहरण प्रस्तुत किया है। पहलवानों ने बेहलोलपुर अखाड़े में मैट लगवाने तथा सरफाबाद अखाड़े में मैट कवर जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का आग्रह किया था।

शालिनी सिंह ने त्वरित पहल करते हुए दोनों स्थानों पर इन कमियों को दूर कराया जिसके लिए दोनों ही गांवों में ग्रामीणों द्वारा बेहलोलपुर में जयवीर पहलवान और सरफाबाद में सुबोध पहलवान के नेतृत्व में शालिनी सिंह और कुश्ती संघ नोएडा के अध्यक्ष सतपाल यादव का जोरदार स्वागत किया गया।
इस अवसर पर शालिनी सिंह ने कहा कि यह पहल केवल शुरुआत है और आने वाले समय में नोएडा को खेलों का प्रमुख हब बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। नोएडा के पहलवानों का उत्साह और समर्पण मेरे लिए प्रेरणा है।
भारतीय किसान परिषद के अध्यक्ष एवं सरफाबाद अखाड़े के संरक्षक सुखबीर खलीफा तथा बेहलोलपुर अखाड़े के संरक्षक कालू खलीफा ने शालिनी सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि खिलाड़ियों के हित में इतनी त्वरित कार्रवाई प्रेरणादायक है।
सुखबीर पहलवान ने कहा कि जिस शालीनता और समर्पण के साथ शालिनी सिंह नोएडा में खेल क्रांति के लिए कार्य कर रही हैं, ऐसी नारियों को हमेशा सम्मान और पूजनीय स्थान दिया जाता रहा है और आगे भी दिया जाता रहेगा।
इस अवसर पर ओमवीर यादव, लोकपाल पहलवान, जगदीश पहलवान, महेंद्र पहलवान, राजवीर पहलवान, सलेख यादव, सत्तम पहलवान, मुले पहलवान, सतपाल पहलवान एवं मोहित सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


