दुर्गा पूजा के भव्य आयोजन पर अरुण मुखर्जी ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का जताया आभार

दुर्गा पूजा के भव्य आयोजन पर अरुण मुखर्जी ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का जताया आभार

नई दिल्ली। अखिल भारतीय बंग परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं दिल्ली सरकार की दुर्गा पूजा समिति के सदस्य अरुण मुखर्जी ने राजधानी दिल्ली में दुर्गा पूजा के भव्य आयोजन, पूजा समितियों को मिले सहयोग और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता, दिल्ली बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा, भारतीय जनता पार्टी के सर्व प्रकोष्ठ प्रभारी अशोक ठाकुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। तथा दिल्ली सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष दिल्ली में लगभग 720 दुर्गा पूजा पंडालों में आयोजित कार्यक्रमों ने राजधानी की सांस्कृतिक विविधता, धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता की सुंदर तस्वीर प्रस्तुत की। वर्ष 1994 के बाद पहली बार दुर्गा पूजा के आयोजन को इतने व्यापक और भव्य स्वरूप में देखने का अवसर मिला है।

अरुण मुखर्जी ने कहा कि दुर्गा पूजा बंगाली समाज का प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्व है, लेकिन इसका महत्व किसी एक समुदाय तक सीमित नहीं है। यह पर्व मां दुर्गा की आराधना के साथ-साथ बुराई पर अच्छाई की विजय, नारी शक्ति के सम्मान, सामाजिक समरसता और भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपराओं का प्रतीक है। दिल्ली में विभिन्न स्थानों पर आयोजित दुर्गा पूजा कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी ने इस पर्व की लोकप्रियता और सांस्कृतिक महत्व को और अधिक मजबूत किया है।

उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा जैसे विशाल आयोजनों के सफल संचालन के लिए प्रशासन, पूजा समितियों, स्वयंसेवकों और स्थानीय नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक होता है। इस वर्ष पूजा समितियों को सहयोग देने और श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास सराहनीय रहे। बिजली, पेयजल, साफ-सफाई, मोबाइल शौचालय, चिकित्सा सहायता, एंबुलेंस, अग्निशमन, सुरक्षा तथा यातायात प्रबंधन जैसी व्यवस्थाएं ऐसे आयोजनों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। आयोजन संबंधी अनुमतियों और मूर्ति विसर्जन की व्यवस्थाओं का भी सुचारु संचालन आवश्यक है, ताकि श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के पूजा-अर्चना और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग ले सकें।

अरुण मुखर्जी ने कहा कि इस बार दुर्गा पूजा ने दिल्ली की सांस्कृतिक पहचान को और अधिक समृद्ध किया है। विभिन्न पूजा पंडालों में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों, पारंपरिक सजावट, भक्ति संगीत और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से बंगाली संस्कृति की झलक देखने को मिली। ऐसे आयोजन विभिन्न भाषाओं, क्षेत्रों और समुदायों के लोगों को एक-दूसरे की परंपराओं से परिचित कराने के साथ आपसी सद्भाव और भाईचारे को भी बढ़ावा देते हैं।

उन्होंने मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राजधानी में धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को प्रोत्साहन देना समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दिल्ली सरकार भविष्य में भी दुर्गा पूजा समितियों और अन्य सांस्कृतिक संगठनों को इसी प्रकार सहयोग प्रदान करती रहेगी।

अरुण मुखर्जी ने आगे कहा कि दिल्ली में रहने वाला बंगाली भाषी समुदाय देश की सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक विकास और राष्ट्रीय जीवन में लंबे समय से महत्वपूर्ण योगदान देता आया है। बंगाली समुदाय ने हमेशा राष्ट्रहित, सामाजिक सद्भाव और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी को महत्व दिया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में 27 वर्षों बाद भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के राजनीतिक परिदृश्य में भी बंगाली भाषी समुदाय की भूमिका महत्वपूर्ण रही है।

उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी से ही राजधानी को एक समावेशी, सांस्कृतिक रूप से समृद्ध और विकसित शहर बनाया जा सकता है। दुर्गा पूजा जैसे पर्व इस भावना को मजबूत करते हैं और लोगों को अपनी परंपराओं से जुड़े रहते हुए एक-दूसरे के उत्सवों का सम्मान करने की प्रेरणा देते हैं।

अंत में अरुण मुखर्जी ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली सरकार, संबंधित विभागों, प्रशासनिक अधिकारियों, पूजा समितियों, स्वयंसेवकों और आयोजन से जुड़े सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में दिल्ली में दुर्गा पूजा का आयोजन और अधिक सुव्यवस्थित, व्यापक एवं भव्य होगा तथा राजधानी की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाइयां प्राप्त होंगी।